जनसरोकार और जवाबदेही से जुड़ी हो पत्रकारिता: एडीएम - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

16 नवंबर 2026

जनसरोकार और जवाबदेही से जुड़ी हो पत्रकारिता: एडीएम

मधेपुरा: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रेस क्लब, मधेपुरा में “पत्रकारिता: लोकलुभावन या उत्तरदायी?” विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीएम अरुण कुमार सिंह, डीपीआरओ अनंत कुमार तथा पत्रकारों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. परिचर्चा में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है. बदलते डिजिटल दौर में खबरों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनसरोकार को बनाए रखना पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी है. कार्यक्रम में पत्रकारों ने मधेपुरा में पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया. एडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है. प्रशासन की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने पत्रकारों के साथ बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखने की बात कही. 
डीपीआरओ अनंत कुमार ने कहा कि पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रशासन से जुड़ी सूचनाओं को सही एवं समय पर जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है. वहीं नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रमंडलीय सह जिला अध्यक्ष डॉ. सुलेंद्र कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने का काम करते हैं. उन्होंने पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और प्रशासन के साथ बेहतर संवाद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार और प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत होने से जनहित के मुद्दों का समाधान तेजी से हो सकेगा. आईरा के जिला अध्यक्ष मुरारी सिंह ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनहित और जनसरोकार है. उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करनी चाहिए, वहीं प्रशासन को भी पत्रकारों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखना चाहिए. उन्होंने पत्रकार-प्रशासन समन्वय को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई. 
परिचर्चा के दौरान पत्रकारों ने मांग की कि प्रशासन और पत्रकारों के बीच नियमित एवं बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि जनसमस्याओं से जुड़ी खबरों पर त्वरित संवाद हो सके और आम लोगों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में आसानी हो. मौके पर पत्रकार रंजीत सिंह, श्रीकांत राय, डॉ. सविता नंदन कुमार, सुनीत साना, प्रशांत कुमार, तुर्बशु, मो. मेराज, आलम, बंटी कुमार, चंचल कुमार, संजय कुमार, धीरेन्द्र कुमार, गणेश कुमार सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान निष्पक्ष, निर्भीक, तथ्यपरक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता को मजबूत करने के साथ पत्रकार-प्रशासन के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages