दूषित पानी पीने से डायरिया, हैजा, टाइफाइड, पीलिया और पेट से जुड़ी कई संक्रामक बीमारियां हो सकती हैं. लंबे समय तक रासायनिक तत्वों से दूषित पानी का सेवन किडनी और लिवर को भी नुकसान पहुंचा सकता है. वहीं, कुछ हानिकारक रसायनों के लगातार संपर्क में रहने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है. हालांकि, कैंसर का खतरा पानी में मौजूद प्रदूषक तत्वों और उनकी मात्रा पर निर्भर करता है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि उपभोक्ता बोतल की आकर्षक पैकिंग और ब्रांड देखकर पानी खरीद लेते हैं, जबकि उसके अंदर मौजूद पानी की वास्तविक गुणवत्ता का पता लगाना आसान नहीं होता. कई जगहों पर संदिग्ध ब्रांड और बिना स्पष्ट निर्माण जानकारी वाली बोतलों की बिक्री की शिकायतें भी सामने आ रही हैं.
स्थानीय नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों से बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बिक रहे बोतलबंद पानी के नमूने लेकर जांच कराने की मांग की है. साथ ही नकली पानी का कारोबार करने वाली कंपनियों और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. उपभोक्ताओं को भी पानी खरीदते समय बोतल की सील, निर्माण तिथि, बैच नंबर, निर्माता का विवरण और FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर जांचना चाहिए. अब सवाल यह है कि लोगों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मामले में जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और नकली व दूषित बोतलबंद पानी के कारोबार पर कब लगाम लगेगी?
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









