मधेपुरा: हरियाणा के सोनीपत में 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित इंडियाज डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 – सीजन 2 (राष्ट्रीय प्रतियोगिता) में मधेपुरा की प्रतिभाशाली डांसर पंखुरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. डी4डी द स्कूल ऑफ आर्ट्स की छात्रा पंखुरी बिहार की ओर से इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली एकमात्र प्रतिभागी बनीं. उनकी इस उपलब्धि से मधेपुरा सहित पूरे बिहार में खुशी की लहर है. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. बिहार से कुल 25 बच्चों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में डांस प्लस विजेता एवं वी कंपनी से जुड़े वेरॉन सर ग्रैंड जज के रूप में उपस्थित रहे. वहीं, इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5 के उपविजेता प्रथमेश माने और डांस प्लस सीजन-1 के विजेता आकाश कांबले ने मेंटर जज की भूमिका निभाई. निर्णायक मंडल में हर्ष साहू, साद शेख एवं लक्ष्मण पधिकाल शामिल थे. पंखुरी की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत और अभ्यास का परिणाम है. उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता था. इस बार अपने प्रदर्शन में और निखार लाते हुए उन्होंने कांस्य पदक को स्वर्ण पदक में बदल दिया. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन मई 2027 में वियतनाम में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है. चयनित प्रतिभागियों को जल्द ही आधिकारिक चयन पत्र भेजा जाएगा. पंखुरी की उपलब्धि पर डी4डी द स्कूल ऑफ आर्ट्स के प्रशिक्षकों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. उनकी सफलता ने साबित किया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










