
मधेपुरा: राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव में जहां स्थानीय कलाकारों की गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं मंच संचालन ने भी पूरे आयोजन को विशेष गरिमा और आकर्षण प्रदान किया. महोत्सव के तीनों दिनों में अलग-अलग उद्घोषकों ने अपनी प्रभावशाली वाणी, सधी हुई भाषा, साहित्यिक अभिव्यक्ति और विशिष्ट प्रस्तुति शैली से दर्शकों एवं कला प्रेमियों का दिल जीत लिया. उनकी उद्घोषणा ने न केवल कार्यक्रमों को एक सूत्र में पिरोए रखा, बल्कि सांस्कृतिक संध्याओं में उत्साह, ऊर्जा और जीवंतता का संचार भी किया.  |
| संगीत शिक्षिका शशि प्रभा जायसवाल |
महोत्सव के पहले दिन संगीत शिक्षिका शशि प्रभा जायसवाल ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली. उनकी मधुर एवं सधी हुई आवाज, शालीन भाषा, साहित्यिक अभिव्यक्ति और संगीत की गहरी समझ ने उद्घोषणा को विशेष गरिमा प्रदान की. उन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और दर्शकों को भी कार्यक्रम से भावनात्मक रूप से जोड़े रखा. उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों की खूब सराहना मिली.  |
| समीक्षा यदुवंशी |
दूसरे दिन समीक्षा यदुवंशी ने अपनी आकर्षक वाणी, सहज संवाद शैली और आत्मविश्वासपूर्ण उद्घोषणा से दर्शकों के बीच खास छाप छोड़ी. उन्होंने पूरे कार्यक्रम को रोचक अंदाज में आगे बढ़ाते हुए सांस्कृतिक संध्या के उत्साह को बनाए रखा. वहीं, महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन युवा साहित्यकार और इतिहासकार डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौड़ ने कर्नाटकी पारंपरिक वेशभूषा में मंच संचालन कर सबका ध्यान आकर्षित किया. उनकी विशिष्ट वेशभूषा के साथ प्रभावशाली वाणी, साहित्यिक शब्दावली और अनूठी प्रस्तुति शैली ने मंच को एक अलग पहचान दी. उनकी उद्घोषणा में साहित्य, इतिहास और संस्कृति का सुंदर समन्वय देखने को मिला.
 |
| डॉ हर्षवर्धन सिंह राठौड़ |
तीनों उद्घोषकों ने अपनी अलग-अलग शैली, भाषा और विशिष्ट प्रतिभा से यह साबित किया कि किसी भी सांस्कृतिक आयोजन की सफलता में मंच संचालन की भूमिका भी कलाकारों की प्रस्तुतियों जितनी ही महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने अपनी प्रतिभा से महोत्सव की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं को यादगार बनाने में अहम योगदान दिया. कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ उद्घोषकों की आवाज और अंदाज ने भी खूब तालियां बटोरीं.(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....