राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के प्रचार-प्रसार में जिला प्रशासन ने झोंकी ताकत - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

21 नवंबर 2026

राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के प्रचार-प्रसार में जिला प्रशासन ने झोंकी ताकत

मधेपुरा: राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव को सफल और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है. महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार से लेकर आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं. जिला प्रशासन महोत्सव से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए हुए है. कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी के हवाले से मीडिया प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने बताया कि महोत्सव को लेकर प्रचार-प्रसार अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है. पिछले एक पखवाड़े से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और वेब मीडिया के माध्यम से महोत्सव की गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है. साथ ही आम लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की जा रही है. शहर की गलियों और बाजारों में माइकिंग के जरिए प्रचार किया जा रहा है. वहीं, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग लगाकर लोगों को महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है. जिला पदाधिकारी भी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं. 

सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

महोत्सव के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने संबंधित अधिकारियों को चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. डॉ. राठौर ने बताया कि जिला पदाधिकारी ने कला एवं संस्कृति पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को महोत्सव स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग पंडालों में बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा गौशाला परिसर में पांच चापाकल लगाने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता तथा अस्थायी शौचालय की व्यवस्था के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है. परिसर में साफ-सफाई, पानी का छिड़काव और टैंकर के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है. महोत्सव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, चिकित्सक और आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है. 

सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी रहेंगे तैनात

महोत्सव स्थल पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है. वहीं, अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अग्निशमन पदाधिकारी को सौंपी गई है. डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन स्वयं महोत्सव की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं. उन्होंने संबंधित समितियों और पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आयोजन के सफल संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. 

अध्यक्ष और सचिव भी लगातार कर रहे तैयारियों की समीक्षा

दूसरी ओर, संचालन समिति के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त अरुण कुमार प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं. वहीं, सदस्य सचिव सह कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं और बेहतर आयोजन को अंतिम रूप देने में जुटी हैं. जिला प्रशासन का प्रयास है कि राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यादगार हो.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages