मधेपुरा: पार्वती विज्ञान महाविद्यालय, मधेपुरा में मंगलवार को छह दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम-एफडीपी) का शुभारंभ हुआ. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बिमलेंदु शेखर झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने सहायक प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संकाय विकास कार्यक्रम शिक्षकों, प्राध्यापकों और शोधकर्ताओं के ज्ञान, कौशल, शिक्षण क्षमता तथा व्यावसायिक दक्षता को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवीन बदलावों, आधुनिक तकनीकों, शोध पद्धतियों और नवीन शिक्षण विधियों से परिचित कराना है, ताकि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकें. कुलपति ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित पाठ्यक्रम एवं शिक्षाशास्त्र विषय के चयन और कार्यक्रम की बेहतर व्यवस्था के लिए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य की सराहना की. एफडीपी सेल के नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) नरेश कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ज्ञान की समझ विकसित करना, कौशल का संवर्धन करना, नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षकों में आलोचनात्मक चिंतन की क्षमता विकसित करना है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. पहले शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए विश्वविद्यालय से बाहर जाना पड़ता था और छह दिनों तक वहां रहना होता था, लेकिन अब प्रत्येक महाविद्यालय में ऐसी व्यवस्था की गई है, जिससे शिक्षकों को प्रशिक्षण प्राप्त करने में सहूलियत हो. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने कहा कि कुलपति के दिशा-निर्देश में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा. इससे शिक्षकों की क्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी तथा वे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अधिक सक्षम बनेंगे. कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर डॉ. ललन कुमार ललन ने बताया कि 25 से 30 नवंबर तक आयोजित इस छह दिवसीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ रिसोर्स पर्सन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से जुड़कर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अनुभव, शोध और प्रशिक्षण के माध्यम से उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है. उद्घाटन के बाद दूसरे एवं तीसरे सत्र में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार सिंह ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षण दिया. वहीं, चौथे सत्र में विक्रम देव विश्वविद्यालय, ओडिशा के कुलपति प्रो. हृषीकेश सेनापति ने 'होलिस्टिक एंड मल्टीडिसिप्लिनरी करिकुलम डिजाइन' विषय पर व्याख्यान दिया. कार्यक्रम की शुरुआत संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष रीता कुमारी के निर्देशन में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति से हुई। डॉ. सुजीत कुमार के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने कुलपति का स्वागत किया. मंच संचालन शिक्षाशास्त्र विभाग के प्राध्यापक अजय अंकोला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. समरेश कुमार ने किया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










