मधेपुरा: कला एवं संस्कृति विभाग, पटना तथा जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय एवं अतिथि कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. गौशाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गीत-संगीत और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई. सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. अन्नू कुमारी ने 'बनवारी तेरी यारी में दीवाना', विकास कुमार ने शास्त्रीय संगीत में राग कलावती और कुमारी पुष्पलता ने 'कहे तोसे सजना' की प्रस्तुति दी. वहीं, तृषा आनंद ने अपनी मधुर आवाज में लोकगीत 'मोहन बिन कौन चरैया गैया गईया' गाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया. उनकी सुरीली गायकी ने दर्शकों को इस कदर प्रभावित किया कि प्रस्तुति समाप्त होने के बाद भी श्रोता उनकी आवाज की सराहना करते रहे. मासूम भारती ने कजरी प्रस्तुत की, जबकि भावेश कुमार ने 'दूसरों को बुरा कहने वाले' गजल के माध्यम से व्यंग्यात्मक तंज कसा. अजय कुमार ने 'मेरे बांके बिहारी लाल' गीत की प्रस्तुति दी. अमरजीत आर्या एवं स्वाति रंजन ने 'बम भोले' गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. नवाचार रंग मंडल की ओर से राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य-नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया. वहीं, विकास कुमार ने 'गोदना' नृत्य और वकील वाका टीम ने असमिया बिहू नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय लोक संस्कृति की विविधता से दर्शकों को रूबरू कराया. स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद कोलकाता से आए गायक देवाशीष दास गुप्ता एवं गायिका दिशा ने मंच संभाला. दिशा ने 'एक राधा एक मीरा', 'तेरे संग प्यार मैं नहीं छोड़ना', 'झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में' और 'कजरा मोहब्बत वाला' सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं. वहीं, देवाशीष दास गुप्ता ने 'क्या हुआ तेरा वादा' गीत से अपनी गायकी की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने 'ये रेशमी जुल्फें', 'तेरी प्यारी प्यारी सूरत को', 'आने से उसके आए बहार, जाने से उसके जाए बहार', 'लिखे जो खत तुझे', 'पत्थर के सनम' और 'गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं' जैसे सदाबहार गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. दोनों कलाकारों ने युगल गीतों की शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. 'काहे को बुलाया मुझे बलमा', 'बेखुदी में सनम', 'चढ़ती जवानी तेरी चाल मस्तानी', 'पर्वत के उस पार', 'पास आओगे सावन में उमंगों की बहार में', 'मुझे तेरी मोहब्बत का सहारा मिल गया होता', 'परदा है परदा' और 'तू इस तरह से मेरी जिंदगी में शामिल है' जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति पर दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे. कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी गायकी का हुनर दिखाया. अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने 'सजन रे झूठ मत बोलो', जबकि उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने 'जाने कैसे कब कहाँ इकरार हो गया' और 'तेरे जैसा यार कहां' गीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक संध्या को और भी यादगार बना दिया. स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान पैड पर गुलशन कुमार, तबला पर नीतीश कुमार राणा, नाल पर रिकेश कुमार तथा की-बोर्ड पर सनोज कुमार ने शानदार संगत की. महोत्सव के अंतिम दिन युवा साहित्यकार एवं इतिहासकार डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौड़ ने कर्नाटकी पारंपरिक वेशभूषा में मंच संचालन कर अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली वाणी और अनूठी प्रस्तुति शैली ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया. अंत में बिहार गीत की सामूहिक प्रस्तुति के साथ तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का विधिवत समापन हुआ. इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, संचालन समिति के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त अरुण कुमार, सचिव सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी, श्री गौशाला समिति के उपाध्यक्ष डॉ. आरके पप्पू, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, सचिव पृथ्वीराज यदुवंशी, साहित्यकार डॉ. भूपेंद्र मधेपुरी, समाजसेवी मो. शौकत अली, संचालन समिति के सदस्य सुनीत साना एवं अमित कुमार अंशु, शिक्षक मिथुन कुमार गुप्ता, अरुण कुमार, कार्यालयकर्मी अवधेश कुमार एवं रत्नेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कलाप्रेमी उपस्थित थे. कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले संचालन समिति के सभी सदस्यों के प्रति जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने आभार व्यक्त किया. वहीं, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने महोत्सव की सफलता में सहयोग देने के लिए जिलेवासियों एवं कला प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











