
मंगलवार को कला भवन के सामने बिहार राज्य निर्माण कामगार यूनियन
ने धरना देकर अपनी सात सूत्री मांगों को रखा और फिर समाहरणालय के गेट को जाम कर
निर्माण मजदूरों के अनुदान लाभ एवं निबंधन में गड़बड़ी आरोप लगाया. बिहार राज्य
निर्माण कामगार यूनियन के महामंत्री नाथुन जमादार, सीपीएम के राज्य कार्यकारिणी सदस्य गणेश
मानव और यूनियन के जिला मंत्री अनिलाल यादव के नेतृत्व में आयोजित धरना में सात सूत्री
मांगों को रखा गया. निर्माण मजदूरों के निबंधन में निबंधित यूनियनों को शामिल करने, 16.12.2010 को बोर्ड में लिये गये फैसले को लागू करने, मजदूर पति-पत्नी
अगर निबंधित हो तो दोनों को लाभ देने, लंबित आवेदनों को शीघ्र निष्पादित कर
पंजीकरण करने तथा बिचौलियों पर पाबंदी लगाने आदि मांगों को लेकर वक्ताओं ने आरोप
लगाया कि श्रम विभाग में धांधली मची है और मनमानी की जा रही है. बाद में धरना दे
रहे कामगार ने समाहरणालय गेट को जाम कर नारेबाजी की. गेट जाम होने के कारण
समाहरणालय के अंदर प्रवेश पर रोक लग गई. बाद में जिलाधिकारी को मांग पत्र देकर गेट
जाम हटाया गया. धरना एवं प्रदर्शन में नसीम उद्दीन, मनोहर मंडल, बीबी सैबुन, प्रियंका यादव, अब्दुल कुद्दुस, लक्ष्मण पंडित, संतोष मानव, नूतन भारती, बिरबल चौपाल, रूपेश कुमार आदि
भी उपस्थित थे.








