
दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में विजय जुलूस निकाला. कार्यकर्ता रंग-अबीर लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे. आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि अमल कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की तूफानी जीत यही स्पष्ट करती है कि मतदाताओं की आस्था आम आदमी पार्टी में बढ़ी है. हमारे नेता अरविन्द केजरीवाल, संजय सिंह, योगेन्द्र यादव, गोपाल विश्वास और कुमार विश्वास आदि ने जिस एकजुटता के साथ चुनाव में भाजपा, कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय दलों को पराजित किया है, वह एक इतिहास है. आम आदमी पार्टी के भारत भूषण ने कहा कि 49 दिनों में ही दिल्ली में इमानदार शासन लाकर केजरीवाल जी ने दिल्ली की जनता का दिल जीत लिया था और उसी का पुरस्कार है. जुलूस में शामिल कार्यकर्ता मो. शाहनवाज फारूक, नागेश्वर प्रसाद यादव, मो. जब्बार आलम, मो. नौशाद, धीरेन्द्र यादव, प्रदीप, मो. शाकिर, सुभाष, प्रो. लखनदेव यादव, रूपेश कुमार, बारिक आलम, वकार आजम आदि भी जुलूस में शामिल थे. उधर पूर्व विधायक व समाजवादी नेता राधाकांत यादव ने अरविन्द केजरीवाल को जीत की बधाई देते हुए कहा है कि गांधी और लोहिया के सपनों को सही साबित करते हुए आप ने देश में मिसाल कायम किया है. राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. अरविंद कुमार ने केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक जीत ने भाजपा की सांप्रदायिक ताकतों को बड़ा झटका दिया है.








