बिहार उत्सव के दूसरे दिन बी एन मंडल स्टेडियम में आयोजित यांत्रिकरण सह उपादान विकास मेला में किसानों और अन्य लोगों ने खूब खरीदारी की। इस बार मेले में जहां कोसी साहित्य सदन के सोहन सादा जी हजारों बेशकीमती एवं चर्चित साहित्य पुस्तकें लेकर आये हैं वहीं सिंहेश्वर की प्रसिद्ध निदान बायोटेक द्वारा पौधे, बीज एवं कृषि उपकरण बेचे जा रहे हैं। कृषि यांत्रिकरण सह उपादान मेला में जिला कृषि पदाधिकारी बताते हैं कि जिले में इसके लिये पर्याप्त राशि उपलब्ध है। किसानों को चाहिए कि वे बिना किसी बिचौलिये के सीधे मुझसे या प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से सम्पर्क कर सकते हैं। खासकर गोबर गैस प्लांट और वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के लिये अनुदान प्राप्त कर कृषि विकास में सहायक बनें।
जिला कृषि परामर्शी मिथिलेश क्रांति बताते हैं कि मेले में अब तक विभिन्न कृषि यंत्रों पर लगभग 32 लाख रूपये का अनुदान दिया जा चुका है। 14 पम्पसेट, 5 रोटावेटर, आठ कल्टीवेटर, तीन हैरो, 56 चारा कटर, 85 सिंचाई पम्प आदि की आज बिक्री हो चुकी है। मेले में इस बार बाल विकास परियोजना के आंगनबाड़ी केन्द्रों की सेविकाओं ने भी अपना स्टॉल लगाकर अपनी उपलब्धियों को बताया है। इसके अतिरिक्त मेले में कृषि उपकरणों की अनेक स्टॉल सजे हैं। पुस्तक मेला आयोजक सोहन सादा बताते हैं कि यहां हिन्दी, मैथिली और अंग्रेजी साहित्य की हजारों बेहतरीन पुस्तकें उपलब्ध कराया है। कई पुस्तकें ऐसी हैं जो सामान्यतया दुर्लभ हैं।









