सांसद की रैली को ले जिला प्रशासन ने की फुल प्रूफ व्यवस्था - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

9 मई 2015

सांसद की रैली को ले जिला प्रशासन ने की फुल प्रूफ व्यवस्था

11 मई को किसान-हल-कुदाल महारैली को ले यहां स्टेडियम मैदान में पंडाल बनाने का काम शुरू हो चुका है। दूसरी ओर प्रशासन ने इस रैली के मद्देनजर सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को ले तैयारी शुरू कर दिया है। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव एवं सांसद रंजीत रंजन द्वारा आहूत रैली भ्रष्ट नेता, भ्रष्ट प्रशासन और बिचौलियों के खिलाफ जंग का आगाज है। युवा शक्ति के नेताओं ने कहा कि किसानों को अधिकार चाहिए, महज मुआवजा नहीं। मुआवजे के बदले पूर्ण रोजगार चाहिए। 12 बजे दिन से आयोजित इस रैली में कोसी, मिथिला और सीमांचल के लिए विशेष पैकेज, 60 वर्ष के किसानों को पेंशन का लाभ, समय पर फसल खरीद, छोटे किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, फसल बीमा लागू करने, कृषि को उद्योग का दर्जा, आपदा के कारण आवास एवं फसल क्षति के साथ ऋण की माफी आदि की मांग की जानी है। रैली की सफलता के लिए गांव गांव में प्रचार प्रसार कार्य जारी है।
दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने इस रैली के मद्देनजर पूर्व तैयारी शुरू कर दिया है। इस दौरान कानून व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए अपने जिले के अतिरिक्त अन्य जिलों से पुलिस व पदाधिकारी लाकर प्रतिनियुक्त किये जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 200 आरक्षी एवं 30 पुलिस पदाधिकारी, दो महिला पुलिस पदाधिकारी, 20 महिला पुलिस बल अन्य जिलों से आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त विधि व्यवस्था पुख्ता करने के लिए शहर में 20 से 22 स्थानों पर दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये जा रहे हैं। इस बार पहली बार किसी रैली के लिए बज्रवाहन और वाटर कैन वाहन की भी प्रतिनियुक्ति की जा रही है। सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के लिए पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति दस मई को ही कर दी जायेगी।

Post Bottom Ad

Pages