सोमवार को विवि में पुस्तकालय समिति की बैठक कुलपति डा. विनोद कुमार की अध्यक्षता में की गयी. मौके पर नैक के अनुरूप विश्वविद्यालय पुस्तकालय को समृद्ध और सुविधायुक्त करने का निर्णय लिया गया. बैठक में 60 छात्रों के लिए पढ़ने का कक्ष, टेबुल - कुर्सी, अखबार स्टैंड, शोध पुस्तिका (जनरल) हेतु स्टैंड, नोटिस बोर्ड, अग्निशामक, वेक्यूम क्लीनर आदि केंद्रीय पुस्तकालय में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि केन्द्रीय पुस्तकालय में उपस्थित पुस्तकों एवं अभिलेखों का पंजीयन नियमानुसार नहीं किया जा सका है. पुस्तकों का विषयवार वर्गीकरण एवं सूचीकरण इसके बिना संभव नहीं है. आज के वैज्ञानिक युग में ई-लाइब्रेरी होना जरूरी बताया गया. बैठक में यह प्रस्ताव भी लिया गया कि केन्द्रीय पुस्तकालय के अन्दर हाल, बरामदा, पठन-कक्ष आदि में सीसीटीवी कैमरा तथा 10 कम्प्यूटर का एक कक्ष भी लगाया जाय. बैठक में बैचलर इन लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई 2016-17 सत्र से शुरू करने पर भी विचार किया गया. इसके लिए आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने का निर्णय लिया. इस पुस्तकालय में कर्मचारियों की कमी के कारण कार्य बाधित होने पर विचार करने के उपरांत तीन तृतीय एवं तीन चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की पदस्थापना करने का भी निर्णय लिया गया. इसके अतिरिक्त केन्द्रीय पुस्तकालय का सज्जाकरण एवं सुविधाएं बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया. बैठक में कुलसचिव, संकायाध्यक्ष डा. अशोक कुमार, डा. अनिलकांत मिश्रा, डा. शारदा मिश्रा, डा. शिव बालक प्रसाद, डा. एचएलएस जौहरी एवं डा. अशोक कुमार उपस्थित थे.
(रिपोर्ट: मधेपुरा:- शशिभूषण कुमार)
(रिपोर्ट: मधेपुरा:- शशिभूषण कुमार)









