21 दिन के लॉक डाउन के बीच कोरोना का कहर झेल रहे लोग बाजार में लगी कीमत की आग में झूलसने लगे हैं. जहां हर दफ्तर, इंस्टीट्यूशन, दुकानें ठप पड़ी हैं, वहीं राशन, फल, दूध, सब्जी, दवाई, पीने के पानी का सप्लाई जैसे रोजमर्रा के जरूरी चीजों की दुकानें खुली हैं.
आज जब पूरा देश इस इमर्जेंसी हालात से गुजर रहा है तो इन जरुरी सामानों की कीमतों को कम करने बजाए दुगुने-तीगुने दामों पर बेचा जा रहा है. इसका सीधा असर आम जनजीवन पर दिखने लगा है. घरेलू वस्तुओं के साथ दैनिक उपयोग की सामग्रियों में लगातार हो रहा इजाफा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है.
सरकार एक ओर लोगों से घरों में दुबके रहने की अपील कर रही है. कोरोना के खतरे को भांप लोग हर तरफ लॉक डाउन का समर्थन भी कर रहे हैं, लेकिन घरों में बैठे लोगों के लिए दैनिक उपयोग की वस्तुओं की शुरू हो चुकी कालाबाजारी परेशानी का सबब बनने लगा है. मुनाफाखोरी के चक्कर में दुकानदार आमलोगों की जेब ढीली करने की जुगत में हैं.
पिछले दो दिनों में हरी सब्जियों की औसत कीमत में काफी वृद्धि हुई है जबकि दूध व डेयरी उत्पाद भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं. इसके कारण लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है. आलू व प्याज की कीमत दोगुना तक बढ़ गया. हरी सब्जियों के भाव भी आसमान छू रहे हैं.
बुधवार को मंडी में जहां फुलगोभी 640 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा था. वहीं आधा किलोमीटर दूर की खुदरा दुकान में पहुंचते ही इसी गोभी की कीमत 24 रुपए प्रतिकिलो हो गया. इसी तरह बैंगन, शिमला मिर्च सहित अन्य सब्जियों के भाव मंडी में कम रहने के बावजूद खुदरा बाजार में दुगुने-तीगुने रेट पर बेचे जा रहे हैं.
बुधवार को थौक में आलू का भाव 1800 और प्याज का 2500 रुपए प्रति क्विंटल था. वहीं खुदरा बाजार में आलू 25 और प्याज 40 रुपए प्रति किलो मिल रहा था. जबकि खुदरा बाजार में चावल, दाल की भी कीमत बढ़ते जा रही है.
दो दिनों से लगातार बढ़ रहे सामान की कीमतों की शिकायत पर बुधवार को लॉक डाउन के तीसरे दिन एसडीओ वृंदालाल व डीएसपी वसी अहमद ने बाजार में घूम-घूम कर किराना समान के थोक विक्रेताओं, सब्जी विक्रेताओं व गैस एजेंसी संचालकों को कड़ी हिदायत दी.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जिले के मुख्य-मुख्य मार्केट में जांच के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है. प्रखंडों में वहां के एमओ जांच करेंगे. एसडीओ ने सभी थौक व खुदरा दुकानदारों को निर्देश दिया कि दुकान के सामने सभी समानों की सूची कीमत के साथ बनाकर चिपका दें.
अगर कोई दुकानदार निर्धारित रेट से अधिक कीमत पर समान बेचते पकड़े जाते हैं तो उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं डीएसपी वसी अहमद ने बताया कि सभी दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित रेट पर ही समान बेचें. कालाबाजारी करने वालों से प्रशासन सख्ती से निबटेगी. वहीं समाज का हर तबका इस इमर्जेंसी में बहाल महंगाई से परेशान है.
(रिपोर्ट:- मनीष/ गरिमा)
(रिपोर्ट:- मनीष/ गरिमा)










