भूपेंद्र नारायण मंडल विश्ववविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. फारुक अली ने गुरुवार को विवि के नॉर्थ कैंपस स्थित विभिन्न पीजी विभागों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में पीजी अंग्रेजी, उर्दू व गणित विभाग पूर्णत: बंद मिला. वहीं तीन विभाग में एक शिक्षक नहीं थे. जबकि तीन विभाग में कर्मचारी के जिम्मे खुला हुआ था.
प्रति कुलपति ने बताया कि इतिहास विभाग में दो शिक्षक मौजूद थे, लेकिन एक भी छात्र कक्षा में मौजूद नहीं थे. कॉमर्स विभाग से दो शिक्षक मोनिका व डॉ. योगेश बिना सूचना के गायब थे. अर्थशास्त्र विभाग में कक्षा का संचालन हो रहा था. उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्र विभाग के एक कर्मचारी प्रथम सेमेस्टर छात्रों को प्रोजेक्ट वर्क के बारे में जानकारी दे रहे थे. प्रति कुलपति ने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. होली की छूट्टी खत्म हो गई है.
75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर फॉर्म भरने से किया जाएगा वंचित :
75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर फॉर्म भरने से किया जाएगा वंचित :
सभी छात्र नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित हों. वर्ग कक्ष में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित कर दिया जाएगा. कई विभागों में छात्रों के उपस्थिति पंजी को खाली देख प्रोवीसी भड़क गए और उन्होंने विभागाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिया कि जो छात्र क्लास करने नहीं आ रहे हैं, उसका हाजिरी उसी दिन काटा जाए. उपस्थिति पंजी को खाली नहीं छोड़ें. उन्होंने कहा कि बंद विभाग व अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा.











