मधेपुरा: सदर अस्पताल समेत जिले के पीएचसी और सीएचसी में तैनात संविदा चिकित्सकों में आठ- दस माह से वेतन नहीं मिलने से आक्रोश व्याप्त है. चिकित्सकों ने शुक्रवार को सीएस से मिलकर वेतन भुगतान करने के प्रति शिथिलता बरते जाने को लेकर आक्रोश जताया.
साथ ही लंबित वेतन का भुगतान शीघ्र करने की मांग की. संविदा पर तैनात डॉक्टरों ने जिला स्वास्थ्य समिति कार्यालय में सीएस से मिलकर अपनी परेशानियों से उन्हें अवगत कराया. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान में आठ- दस माह का लंबित वेतन का भुगतान नहीं किए जाने से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है.
उनके परिवार के लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि संविदा डॉक्टरों ने आठ मई से अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी. लेकिन भूख हड़ताल से पहले ही सभी संविदा चिकित्सको को दो माह का वेतन दिया गया है. शेष 8-10 माह तक के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है.
इस कारण सभी संविदा चिकित्सकों में भारी आक्रोश व्याप्त है. सीएस से लंबित वेतन का भुगतान अविलंब करने की मांग की. सीएस डॉ. सुभाषचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जो अलॉटमेंट था उसका भुगतान कर दिया गया है.
लंबित वेतन का भुगतान करने के लिए आवंटन की मांग की गई है. आवंटन प्राप्त होते ही लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा. मौके पर डॉ केशव कुमार, डॉ विनायक डॉ अमित, डॉ राकेश रौशन, डॉ ओमनायरण आदि मौजूद थे.
(रिपोर्ट:- रिपूराज आनंद)









