किर्गिस्तान में फंसे छात्रों की फिल्म अभिनेता ने ली सुधि - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

13 जुलाई 2020

किर्गिस्तान में फंसे छात्रों की फिल्म अभिनेता ने ली सुधि

मधेपुरा: कोरोना संकट की वजह से बिहार के 1,000 से अधिक छात्र किर्गिस्तान में फंसे हैं. बिहार के विभिन्न जिलों के ये छात्र किर्गिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं. छात्रों के अनुसार वंदे भारत मिशन के तहत किर्गिस्तान से अलग अलग सूबों की उड़ान है, लेकिन बिहार के लिए कोई फ्लाइट नहीं है. एमबीबीएस के छात्र राज्य और केंद्र सरकार के अलावे फिल्म अभिनेता सोनू सूद से मदद की अपील कर की.

उनके अनुसार, कॉलेज एक महीने से बंद है. छात्रावास की स्थिति भी बेहद खराब हो गई है और लगातार उनकी मुश्किल बढ़ रही है. मिली जानकारी के अनुसार करीब चार हजार किलोमीटर दूर किर्गिस्तान में 1000 से अधिक स्टूडेंट्स वतन वापसी की राह देख रहे हैं. ये विद्यार्थी बिहार से लेकर केंद्र सरकार और बालीवुड अभिनेताओं तक मदद की गुहार लगाकर थक चुके हैं.
बताया जा रहा है कि किर्गिस्तान में परीक्षा खत्म हुए दो माह बीत चुके हैं. घर वापसी के लिए बिचौलियों से सम्पर्क किया, लेकिन दूसरे राज्यों के बच्चे जहां 20 हजार रुपये में टिकट खरीद रहे थे वहीं हमसे टिकट के लिए 42 हजार रुपये मांगा गया. छात्रों ने बताया कि वंदे भारत मिशन में बिहार के लिए एक भी फ्लाइट नहीं है क्योंकि बिहार सरकार क्लीयरेंस नहीं दे रही है.

छात्रों का कहना है कि अन्य राज्यों के बच्चे अपने घर लौट चुके हैं इस वजह से हमलोग डिप्रेशन के शिकार होते जा रहे हैं. इस बीच किर्गिस्तान में फंसे छात्र छात्राओं ने वतन वापसी के लिए ट्वीट कर पीएम मोदी से गुहार लगाई है. छात्रों ने बताया कि दूतावास को ट्वीट किया है. पीएमओ को ट्वीट किया है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विदेश मंत्री  जयशंकर को भी ट्वीट कर वतन वापसी कराने की गुहार लगाई है.
बिहार के राज्यपाल को मेल किया है. छात्रों ने बताया कि उनलोगों ने पूर्व सासंद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को भी मेल किया है. इसके अलावा बालीवुड अभिनेताओं के माध्यम से भी मदद मांगी. बता दें कि किर्गिस्तान के एशियन मेडिकल इंस्टीट्यूट, जलालाबाद स्टेट यूनिवर्सिटी, ओएसएच मेडिकल यूनिवर्सिटी सहित अन्य कालेजों में बिहार के 1000 से अधिक छात्र पढ़ाई करते हैं. लाकडाउन से पूर्व परीक्षा के कारण वे वापस नहीं आ सके थे.

जब परीक्षाएं खत्म हुई उसके बाद वतन लौटना मुश्किल हो गया है. किर्गिस्तान में फंसे छात्रों को रविवार की देर शाम फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने फोन कर उनकी सुधि ली. सोनू सूद ने जैसे ही छात्रों को फोन किया मानो किसी इंसान रूपी भगवान का फोन आ गया हो. उसके बाद जिस छात्र के मोबाइल पर सोनू सूद का फोन आया था उस छात्र ने उन्हें अपनी सारी परिस्थितियों से अवगत करवाया. उन्होंने छात्रों से लगभग पांच मिनट तक बात किया.
उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि मैं अपनी ओर से हरसंभव कोशिश करूंगा कि आप लोग जल्द से जल्द अपने-अपने घर सुरक्षित पहुंच जाएं. उन्होंने छात्रों से किर्गिस्तान में फंसे बिहारी छात्रों की लिस्ट भी मांगी. वहीं छात्रों का कहना है कि जब बिहार सरकार लॉकडाउन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रवासी मजदूरों को लाखों करोड़ों खर्च करके घर वापस बुला सकती है तो फिर हम छात्रों को घर क्यों नहीं बुला रही है.

बिहार सरकार हम लोगों को घर बुलाने के लिए जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाएं. कहीं ऐसा न हो कि हमलोग इस कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान गवां बैठे. बताते चलें कि किर्गिस्तान में कोई अच्छी मेडिकल सेवाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण हल्की बीमारी होने पर भी बेहतर इलाज नहीं हो पाता है.

पिछले दिनों बिहार के 1 छात्र की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है जिससे लेकर रुचि, सिमरन, सना, कौशिक, बुशरा, शिवानी, अंजुम आरा डॉली, शिवम चंद्रा, आनंद सिंह, जितेंद्र मेहता, रवि, विष्णुकांत एवं दीपेश सहित सभी छात्र दहशत में है.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages