मधेपुरा : कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर को एक बार फिर दो महीने के लिए बंद कर दिया गया है। अब श्रद्धालु दो महीने तक जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे।
एसडीओ सह सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति सचिव वृंदालाल और डीएसपी वसी अहमद ने गुरुवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंदिर को सील करने के लिए जगह-जगह बैरिकेटिंग के लिए विचार-विमर्श किया गया।
बताया गया कि वैश्विक महामारी कोरोना को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को पूरी तरह से सील करने का फैसला बैठक में ही लिया गया था। जिससे आमजन कोरोना जैसे महामारी से सुरक्षित रह सकें। इस बाबत एसडीओ श्री लाल ने बताया कि मंदिर प्रवेश के दोनों मार्ग को पूर्ण सील किया जा रहा है।
वहीं मंदिर के बाईपास से आने वाले मार्ग और शिवगंगा पोखर पूर्णरूपेण सावन और भादो में बंद रहेगा। मंदिर परिसर क्षेत्र में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
मौके पर बीडीओ राजकुमार चौधरी, सीओ अनिल कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष सुबोध यादव, न्यास सदस्य विजय सिंह, विजेंद्र ठाकुर, सरोज सिंह, राजेश कुमार झा, अमरनाथ ठाकुर, बिनोद यादव, बालकिशोर यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।









