मधेपुरा: 24 घंटे से ओ पॉजिटिव के लिए परेशान पेशेंट को शुक्रवार को प्रांगण रंगमंच के सहयोग से दो यूनिट रक्त उपलब्ध करवाई गई. शहर के एक निजी अस्पताल में रेखा देवी इलाज के लिए भर्ती हुई. जहाँ डॉक्टरों द्वारा उक्त पेशेंट को हेमोग्लोबिन की कमी बताते हुए चार यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई गई.
परिजनों के द्वारा जिले में विभिन्न संगठनों एवं युवाओं से रक्त के लिए सहायता मांगी गई. जब किसी संस्था एवं शहर के युवाओं द्वारा रक्त की व्यवस्था न हो पाई तो फिर उन्होंने प्रांगण रंगमंच के कार्यकारी सदस्य कुंदन कुमार के द्वारा बनाए गए ब्लड डोनर एप के माध्यम से ब्लड के लिए रिक्वेस्ट किया. जिसके बाद प्रांगण रंगमंच के कार्यक्रम प्रभारी गायक सुनीत साना ने अपने स्तर से रक्त की तलाश शुरू कर दी.
जिसके बाद प्रांगण रंगमंच के ही खेल प्रभारी अभिषेक कुमार सोनी उर्फ रिक्की के द्वारा एक यूनिट रक्त दान किया. वहीं प्रांगण में मंच के सहयोग से ही दूसरा यूनिट सिंहेश्वर प्रखंड के चौसर गांव निवासी आदित्य कुमार ने रक्त देने की सहमति जताई और उन्होंने तुरंत ही मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचकर रक्त देकर मानवता की मिसाल कायम की. बता दें कि आदित्य कुमार पेशे से एक इंजीनियर हैं.
वहीं अध्यक्ष संजय कुमार परमार ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में बनाया गया ब्लड डोनर एप लोगों के लिए कारगर साबित हो रहा है. पूरे बिहार में जिस किसी को भी रक्त की आवश्यकता होती है, वह प्रांगण रंगमंच के ब्लड डोनर एप पर रक्त के लिए रिक्वेस्ट करते ही उन्हें कुछ घंटों में रक्त उपलब्ध हो जाता है.
रक्त डोनेट करवाने में प्रांगण रंगमंच की मीडिया प्रभारी गरिमा उर्विशा, कार्यकारी सदस्य अक्षय कुमार सोनू, एवं विक्की विनायक सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है.










