मधेपुरा: विधानसभा चुनाव में जिले से भाजपा के उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर पूरे जिले के बीजेपी कार्यकर्ताओं में गुस्सा है. बीजेपी उम्मीदवार नहीं रहने से बूथ स्तर से जिला स्तर के कार्यकर्ता अपने को उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहे हैं. यह बातें शनिवार को बीजेपी जिलाध्यक्ष स्वदेश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने कही.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जबतक बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व इस संबंध में सकारात्मक पहल नहीं करता तबतक पार्टी कार्यकर्ता चुनाव सम्बन्धित कार्य का बहिष्कार करेंगे. बैठक में कहा गया कि गठबंधन के शुरुआती काल से आज तक भाजपा कार्यकर्ता उचित मान-सम्मान और हिस्सेदारी नहीं मिलने के कारण काफी मर्माहत हैं.
कहा गया कि आजतक बीजेपी कार्यकर्ताओं के मेहनत, परिश्रम के कारण गठबंधन के साथी दल से सांसद और विधायक बनते रहे लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की सुधि लेने वाला कोई नहीं रहा. बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे संबंधित जानकारी प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को दी जा रही है.
ताकि जिले के कार्यकर्ताओं का मान- सम्मान बचा रहे. बैठक में जिला के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सभी पदाधिकारी और सभी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रकोष्ठ संयोजक और मंडल अध्यक्ष शामिल हुए.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









