चौसा थाना में एसपी की एस्कॉट गाड़ी स्काउट से शराब बरामद होने के मामले में चौसा थाना अध्यक्ष पर गाज गिर गयी. थाना अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी को निलंबित कर दिया गया है. एसपी योगेंद्र कुमार की अनुशंसा पर डीआईजी सुरेश कुमार चौधरी ने कार्रवाई की है.
स्कॉट गाड़ी से एक बोतल शराब बरामद होने के बाद एसपी योगेंद्र कुमार ने सख्त तेवर अख्तियार कर लिया है. इस मामले में एक थानाध्यक्ष, एक दरोगा और चार सिपाही निलंबित किए जा चुके हैं. इतना ही नहीं तीन सिपाही को जेल भेज दिया गया. हालांकि तीनों को न्यायालय से जमानत मिल गयी है. चौथा सिपाही पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के कारण टाउन थाना के एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया. एसपी ने फरार सिपाही के विरुद्ध न्यायालय से वारंट के लिए आग्रह किया है. सिपाही के शीघ्र पकड़ में नहीं आने पर एसपी ने कुर्की- जप्ती करने की बात कही है. एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि शराब बरामदगी मामले की जांच में पता चला कि शराब चौसा थाना पुलिस के द्वारा सुरक्षा गार्ड को मुहैया करायी गयी. इस बावत शुक्रवार चौसा थाना अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीआईजी से अनुशंसा की गयी थी. डीआईजी ने अपने थाना के कर्मचारियों पर नियंत्रण नहीं होने के आरोप में चौसा थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया.
एसपी ने बताया कि चौसा थानाध्यक्ष को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर किया गया है. चौसा के कनीय पुलिस पदाधिकारी फिलहाल थाना संचालन की जिम्मेदारी दी गयी. जल्द ही थानाध्यक्ष की पोस्टिंग की जाएगी. एसपी के एक के बाद एक कारवाई से पुलिस महकमे में बेचैनी की स्थिति है. एसपी की सख्ती से पुलिस पदाधिकारी, सिपाही चौकन्ना नजर आने लगे हैं.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










