मुरलीगंज: बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगो के समर्थन में बुधवार को रेल चक्काजाम करते हुए प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना दिया. कार्यक्रम में दर्जनो महिला पुरूष शामिल होकर विभिन्न मांगो के समर्थन में सरकार विरोधी नारे लगाकर अपनी आवाज को बुलंद किये. खेतिहर मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर अपनी मांगो के समर्थन में करीब 15 मिनट तक जानकी एक्सप्रेस ट्रेन को रोकर विरोध प्रदर्शन किया.
हलांकि विधि व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किये हुए थे. प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर एक दिवसीय धरना दिया. सीपीएम के राज्य समिति सदस्य सह किसान नेता गणेश मानव ने कहा कि बिहार सरकार के अधिकारी बेलगाम हो गए हैं. जनता से इनका कोई सरोकार नहीं रह गया है. छोटे-छोटे कामों के लिए लोग महीनों प्रखंड-अंचल का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. वर्ष 2020 में आई भीषण बाढ़ से पीड़ित हजारों परिवार अब तक जीआर राशि से वंचित है. उन्होंने केंद्र सरकार से अविलंब कृषि कानून वापस लेने की मांग की. किसानों के ऋण माफ करने पर भी जोर दिया. एसएफआई जिला संयोजक विमल विद्रोही ने महादलितों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना तुरंत देने की मांग की. उन्होंने दाखिल-खारिज, जल-नल योजना सहित अन्य गरीब हितैषी योजनाओं में लूट-खसोट पर अविलंब रोक लगाने की बात कही.
सभी छात्रों को मुफ्त शिक्षा, जिलावार नौकरी देने, किसानों की मालगुजिरी माफ करने, बिजली अनुदान देने, सस्ते दरों पर खाद बीज, दवाई उपलब्ध कराने सहित नौ सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया गया. मौके पर बिहार प्रांतीय खेत मजदूर यूनियन के राज्य अध्यक्ष देवेंद्र चौरसिया, जिलाध्यक्ष बैधनाथ यादव, जिला सचिव ललन यादव, राजेश हांसदा, विजेंद्र दास, डा. सतनारायण दास, कैलाश त्रृषि, रामचंद्र यादव, सुदामा देवी, हवा देवी, सुनिता देवी, कामेश्वर दास, बुटनी देवी, रानी देवी, महेंद्र बास्की, प्रदीप साह सहित दर्जनो यूनियन के कार्यकर्ता मौजूद थे.
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....











