उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ ही छठ महापर्व संपन्न - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

11 नवंबर 2021

उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ ही छठ महापर्व संपन्न

मधेपुरा: उग हो सूरज देव, भइल अरघ के बेर, जल बीच खाड़ बानी कांपता बदनवां... भक्ति भाव से छठ व्रतियों ने गाय के दूध से उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया. जिसके बाद चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया. छठ महापर्व को लेकर संपूर्ण जिला भक्ति के माहौल में डूबा रहा. शहर में चारों ओर छठ मैया के गीतों की धुन सुनाई देती रही. स्थानीय नदियों व तालाबों के तट पर मनोरम दृश्य देखने को मिला. उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण करने के साथ पर्व समापन हुआ. अर्घ्य प्रदान करने के साथ ही प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला शुरू हुआ और इसी के साथ ही लंबे समय तक व्रत उपवास रखने वाले छठ व्रतियों ने जल छठ मैया का प्रसाद ग्रहण कर व्रत तोड़ा. 
प्रगाढ़ आस्था और भक्ति का त्योहार में छठ व्रती से लेकर उनके परिजन और आसपास क्षेत्र के लोगों में चार दिन तक उत्साह बना रहा. बैंड बाजा और छठ मैया की गीत के साथ स्थानीय लोग भी काफी संख्या में छठ घाट तक पहुंचे तो कई श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों की छत पर पूजा किया और भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया. श्रद्धालु प्रात:काल से ही छठ घाट की ओर डाला के साथ रवाना हो गए. सूर्य की लालिमा देखते ही व्रती एवं श्रद्धालुओं के चेहरे पर प्रसन्नता झलकने लगी. इससे पूर्व व्रती तथा श्रद्धालु ने घंटों भगवान सूर्य के उगने का इंतजार जल में खड़े होकर किया. 
व्रती के जल से निकलने के बाद लोगों ने उनके पांव छुए और आशीष प्राप्त किया. इस दौरान व्रतियों ने पुरूषों को टीका लगाया तथा महिलाओं की मांग में सिंदूर दिया तथा उनके सुहाग की दीघार्यु होने की प्रार्थना की. अर्घ्य देने के बाद लोगों में प्रसाद प्राप्त करने की होड़ लग गई. लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. पूर्व को लेकर घाट का सजाया गया था. वहीं कई घाटों पर लाइटिग की भी व्यवस्था की गई थी. वहीं घाटों पर एसडीआरएफ टीम की भी व्यवस्था की गई थी. इसके अलावा सीसीटीवी से निगरानी की जा रही थी. सुरक्षा को लेकर पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी. अधिकारी भी लगातार छठ घाट का निरीक्षण करते रहे. 

पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने समर्थकों के साथ छठ घाट पहुंचकर लोगों से मिले. वहीं विधायक प्रो.चंद्रशेखर भी छठ घाट पहुंचकर अ‌र्घ्य अर्पण किया. डीएम श्याम बिहारी मीणा व एसपी योगेंद्र कुमार भी निगरानी को लेकर कई घाटों पर पहुंचकर जायजा लिया.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages