"ना जी भर के देखा, ना कुछ बात की, बड़ी आरजू थी, मुलाक़ात की" - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

13 नवंबर 2022

"ना जी भर के देखा, ना कुछ बात की, बड़ी आरजू थी, मुलाक़ात की"

मधेपुरा: गोशाला परिसर में चल रहे तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव का शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ. पहले सत्र में संगीत शिक्षिका शशि प्रभा जायसवाल के संचालन में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के बाद दूसरे सत्र के प्रथम चरण में समीक्षा यदुवंशी के संचालन में मां तारा संगीत कला केंद्र पटना के द्वारा आवो गोदवा लो हो गोदनामा...की धमाकेदार प्रस्तुति से शुरुआत हुई. उसके बादतू ही तो मेरी जान है राधा...अरे रामा भादो छाई रे रामा...कारी-कारी केसाईया, मोह चढ़ल-चढ़ल अंखियां रे जान...कजरी गीत...जट-जटिन...की प्रस्तुति ने दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया भजन गायक विनोद कुमार सिंह ने हे गणपति मैं गाँउ वंदन, आ जा ना मेरे पास...बैठ के तू पिंजरे के पंछी...राम भक्त ले चला रे राम की निशानी की प्रस्तुति दे अलग ही श्रोताओं को आंनद दिया. 

उनके साथ संगत कलाकार के रूप में कीबोर्ड पर अनिल कुमार, ढोलक पर, चुनचुन कुमार, पैड पर मिथुन ने संगत किया. दूसरे सत्र में पृथ्वीराज यदुवंशी के संचालन में गजल गायकी में मुल्क के सबसे बड़े नामों में शुमार बालीबूड गायक चंदन दास की प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों का जमकर प्यार बटोरा. स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के समय से ही श्रोता चन्दन दास की गायकी का आंनद लेने के लिए जमना शुरू हो गए थे. उनके मंच पर आते ही खचाखच भरे प्रशाल से श्रोताओं ने तालियों संग स्वागत कियाा. चन्दन दास ने भी उसी अंदाज में दर्शकों का अभिवादन भी किया. इसके बाद जब वो शुरू हुए तो कार्यक्रम समापन के समय को कब पूरा कर गया पता ही नहीं चला. 

इस तरह मुहब्बत की शुरुआत कीजिये...प्रस्तुति की शुरुआत कर जहां चन्दन दास ने प्रेम का रस घोला वहीं धूप भरी छत पर बरस गया पानी...ना जी भर के देखा, न कुछ बात की...की प्रस्तुति दे प्रेम के महत्व व दर्द को रखा. ऐसे तेरे बैगेर जिये जा रहे हैं हम...जब कोई फैसला कीजिये, दिल से भी मशवरा कीजिये...की प्रस्तुति ने श्रोताओं के दिल को छुआ वहीं साथ छूटेगा कैसे मेरा आपका...हमे तो प्यारे हैं श्रीराम, बनायेंगे वही सब काम...तुम बिन मोरी कौन खबर ले... प्रस्तुति दे सम्बन्धों की प्रग्रधता को दिखाया. 

पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शक दीर्घा से वाह वाह की आवाज आती रही और लोग उनकी गायकी में गोता लगाते एक बार और की आवाज देते नजर आए. चन्दन दास के साथ संगत में कीबोर्ड पर अन्नू भाई गिटार पर काजल चक्रवर्ती, बैंजो पर अशोक कुमार, तबला पर उस्ताद अमजद खान रहे. 

जिला प्रशासन ने गजल गायक चन्दन दास को गाय व बछड़े का स्मृति चिन्ह किया भेंट

कार्यक्रम के अंत में डीएम श्याम बिहारी मीणा, एसपी राजेश कुमार, एसडीओ नीरज कुमार, डीएसपी अजय नारायण यादव, एनडीसी संजीव कुमार, डॉ. भूपेंद्र नारायण यादव मधेपुरी, डॉ. अरुण कुमार, डॉ आर के पप्पू, शौकत अली आदि ने संयुक्त रूप से प्रख्यात गजल गायक चन्दन दास को भगवान कृष्ण को सर्वाधिक प्रिय गाय व बछड़े का प्रतीक चिन्ह भेंट किया. इस अनोखे सम्मान को पा चन्दन दास भाव विभोर हो जिला प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया. अन्य आमन्त्रित कलाकारों को प्रतीक चिन्ह के साथ सम्मानित किया गया. इस अवसर पर डीएम ने कहा कि विभिन्न उतार चढ़ाव के बाद भी यह महोत्सव सबके सहयोग से सफल रहा एक बेहतर सांस्कृतिक माहौल बनाने का प्रयास, सोच व सहयोग सराहनीय है. 

विधि व्यवस्था बनाने में दुरुस्त रहा जिला प्रशासन

एसडीएम सह आयोजन सचिव नीरज कुमार व डीएसपी अजय कुमार महोत्सव को सफल बनाने में लगातार तीनों दिन मुस्तैद रहे. दर्शकों की उम्मीद से भी अधिक भीड़ होने के बाद भी चुस्त दुरुस्त व्यवस्था में कहीं कोई चूक नहीं होने दिया गया. श्रोताओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए कैमरा, पानी, शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था तीनों दिन रही. 

तीन दिवसीय महोत्सव में तीनों उद्घोषकों ने श्रोताओं का खूब किया मनोरंजन

तीन दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के तीनों दिन स्थानीय व आमन्त्रित कलाकारों की दमदार प्रस्तुति के साथ साथ महोत्सव को सफल व यादगार बनाने में तीनों उद्घोषक पृथ्वीराज यदुवंशी, शशि प्रभा जायसवाल व समीक्षा यदुवंशी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी. अपनी विशेष शैली, शायरी, प्रेरक प्रसंग की प्रस्तुति, कृष्ण से जुड़ी बातों को बड़े शानदार ढ़ंग से दर्शकों के बीच रखा. पृथ्वीराज यदुवंशी ने जहां चिरपरिचित अंदाज में संचालन किया वहीं शशिप्रभा जायसवाल कृष्ण से जुड़ी कई बिंदुओं को बड़ी बारीकी से दो कार्यक्रमों के बीच में रखती रही, समीक्षा यदुवंशी दमदार प्रस्तुतियों पर उससे सम्बन्धित शायरी बोल जमकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी. कलाकारों के साथ दर्शकों ने उद्घोषकों की उद्घोषणा को भी खूब सराहा. 

चन्दन दास के साथ फोटो खिंचवाने व सोशल मीडिया पर शेयर की रही होड़

महोत्सव के तीसरे दिन शाम होते ही लोग चन्दन दास के आयोजन स्थल पर आने के सम्बन्ध में एक दूसरे से पूछते नजर आए. उनके आने की खबर जैसे ही पहुंची लोग आयोजन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों से आग्रह कर चन्दन दास के साथ फोटो खिंचवाने को आतुर दिखे. गम्भीर व सौम्य स्वभाव के धनी चन्दन दास ने भी अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया. बड़ी संख्या में विशेषकर कलाकारों व आमजनों ने उनके साथ फोटो व सेल्फी ले सोशल मीडिया पर शेयर कर उसे यादगार लम्हा बताया. 


महोत्सव के तीसरे दिन विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विभिन्न पार्टी व संगठनों के प्रतिनिधियों, अलग अलग मीडिया हाउस के प्रभारी व प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाओं व युवाओं की भीड़ देर रात तक अपने चेहते गजल गायक की प्रस्तुति का आंनद लेती रही.

स्थानीय कलाकारों को नहीं किया गया सम्मानित

कला संस्कृति एवं युवा विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गोपाष्टमी महोत्सव में जिले के विभिन्न संस्थाए, स्थापित एवं नवोदित कलाकारों ने अपनी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से तीन दिवसीय महोत्सव में चार चांद लगा दिया. लेकिन जिला प्रशासन द्वारा उन्हें महोत्सव स्थल पर सम्मानित नहीं किया गया. जबकि महोत्सव के अंकित दिन सम्मानित करने की बात कही गई थी. हालंकि सभी कलाकारों को सूचना देकर सम्मानित करने की बात कहकर बुलवाया गया था. सभी सम्मानित होने की राह देखते रहे और जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव की समाप्ति की घोषणा कर धन्यवाद ज्ञापन कर दिए. 

(रिपोर्ट:- मोहन कुमार)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages