मधेपुरा: यह कहानी है एक ऐसे प्रेम की जो न तो देश की सरहदों से रुका और न ही भाषा और संस्कृति की दूरी ने इसे कमजोर किया. मधेपुरा जिले के रौता गांव के आईआईटीयन इंजीनियर राहुल कुमार और जापान की रहने वाली मारिया की प्रेम कहानी आज पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. राहुल कुमार, जो जापान की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा में सीनियर इंजीनियर हैं, की मुलाकात टोक्यो में मारिया से हुई. दोस्ती धीरे-धीरे गहरे प्रेम में बदल गई और दोनों ने एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति और जीवनशैली को समझा और सम्मान दिया. परिवार की सहमति के बाद दोनों ने टोक्यो में विवाह रचाया, जहां भारतीय और जापानी परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला. विवाह के बाद राहुल अपनी जीवनसंगिनी मारिया को लेकर अपने पैतृक गांव रौता पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक भारतीय अंदाज में आत्मीय स्वागत किया गया. मारिया ने हाथ जोड़कर ‘प्रणाम’ किया और स्थानीय लोगों का अभिनंदन कर सभी को प्रभावित कर दिया. मारिया जापानी और अंग्रेजी भाषा में पारंगत हैं और भारतीय संस्कृति, रीति-रिवाज, खानपान और ग्रामीण जीवन को करीब से समझने व अपनाने की कोशिश कर रही हैं.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









