उदाकिशुनगंज: थाना क्षेत्र में 7 जून की रात हुई सनसनीखेज लूट और हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना में प्रयुक्त बाइक और मृतक चालक से लूटे गए जरूरी दस्तावेज भी बरामद कर लिए गए हैं. सोमवार शाम उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार 7 जून की रात ट्रैक्टर चालक शिवम कुमार उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के हरैली सोनवर्षा निवासी व्यवसायी बबलू कुमार की 102 बोरा मक्का लेकर वेयरहाउस जा रहा था. रास्ते में अपराधियों ने ट्रैक्टर को निशाना बनाया. अपराधियों ने पहले चालक शिवम कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद मक्का से लदे ट्रैक्टर को लूट लिया.वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को बिहारीगंज रोड स्थित एसएच-91 किनारे फेंक दिया था. घटना के बाद मृतक की पत्नी कविता कुमारी के आवेदन पर बिहारीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल SIT का गठन किया गया. जांच टीम ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए मामले की परतें खोलीं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहारीगंज वार्ड संख्या 7 निवासी रूपेश कुमार और सोनू कुमार उर्फ रॉकी कुमार को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट और हत्या की साजिश रची थी. आरोपियों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की हत्या के बाद मक्का लदा वाहन लूट लिया गया था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










