स्नातक नामांकन की चयन सूची सार्वजनिक करने की मांग - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

16 जून 2026

स्नातक नामांकन की चयन सूची सार्वजनिक करने की मांग

मधेपुरा: छात्र जदयू के बीएनएमयू अध्यक्ष निखिल सिंह यादव ने मंगलवार को बीएन मंडल विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू उमा शंकर चौधरी को मांग पत्र सौंपकर स्नातक सत्र 2026-30 प्रथम सेमेस्टर नामांकन के लिए जारी प्रथम चयन सूची को केटेगरी वाइज सार्वजनिक करने की मांग की. निखिल ने कहा कि स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए प्रथम चयन सूची समर्थ पोर्टल पर जारी कर दी गयी है, लेकिन यह सूची सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है. वर्तमान व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं अपने आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर केवल यह देख पा रहे हैं कि उनका चयन हुआ है या नहीं तथा किस कॉलेज में हुआ है. उन्होंने कहा कि किसी भी नामांकन या नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केटेगरी वाइज पूरी मेरिट सूची सार्वजनिक की जाती है. इससे छात्र अपने अंकों और मेरिट की स्थिति की तुलना कर सकते हैं. केवल व्यक्तिगत लॉगिन आधारित व्यवस्था से छात्रों के बीच भ्रम और असंतोष की स्थिति बन रही है. 
छात्र जदयू के विश्वविद्यालय प्रधान महासचिव नीरज कुमार ने कहा कि चयन सूची को सार्वजनिक नहीं किये जाने से छात्रों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी नहीं मिल पा रही है. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से केटेगरी वाइज पूरी चयन सूची सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि नामांकन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे. मौके पर छात्र नेताओं ने बताया कि स्नातक नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि पांच मई से छह जून तक निर्धारित थी. आवेदन सुधार (करेक्शन) की तिथि छह जून से सात जून तक थी. प्रथम चयन सूची जारी करने की तिथि 13 जून निर्धारित थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के 15 जून को प्रथम चयन सूची जारी की. इसे लेकर भी छात्रों में नाराजगी है.
(रिपोर्ट:- ईमेल) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages