मधेपुरा: पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के कुशल नेतृत्व में भर्राही थाना पुलिस ने एक बार फिर जनसेवा की मिसाल पेश की है. जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भर्राही थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता से गुम हुए मोबाइल को ढूंढकर उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया. जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ने अपना मोबाइल खो जाने की शिकायत भर्राही थाना में दर्ज कराई थी. शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी ने तुरंत टीम को सक्रिय किया. सीईआईआर पोर्टल और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने मोबाइल की सटीक लोकेशन पता की और कम समय में ही बरामदगी सुनिश्चित कर ली. नियमानुसार सत्यापन के बाद मोबाइल उसके मालिक को सौंप दिया गया. मोबाइल वापस मिलने पर पीड़ित की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उसने कहा मोबाइल में मेरे जरूरी दस्तावेज और सभी कॉन्टैक्ट नंबर थे. पुलिस की मदद से सब वापस मिल गया. भर्राही थाना की टीम ने जिस तत्परता और ईमानदारी से काम किया, वह वाकई काबिले तारीफ है. मधेपुरा पुलिस पर मेरा भरोसा और बढ़ गया है.
भर्राही पुलिस की इस पहल ने साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी निष्ठा से काम कर रही है. ऐसे सराहनीय कार्यों से पुलिस और जनता के बीच का भरोसा मजबूत हो रहा है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्यशैली की सराहना की. उन्होंने कहा कि एसपी संदीप सिंह के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर हो रही त्वरित कार्रवाई से जिले में पुलिस की छवि बेहतर हुई है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर बरामदगी हो सके. एसपी के निर्देश पर जिले की सभी थानों को गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....