विधवा से दुष्कर्म, संपत्ति हड़पने और हत्या की धमकी: आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

18 जून 2026

विधवा से दुष्कर्म, संपत्ति हड़पने और हत्या की धमकी: आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

मधेपुरा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिठाई पुलिस शिविर इलाके में एक विधवा महिला से कथित दुष्कर्म, संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामला मिठाई पुलिस शिविर क्षेत्र के बैरवा गांव से जुड़ा है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव निवासी वकील यादव के रूप में हुई है. पीड़िता मूल रूप से सहरसा जिले की रहने वाली है. सदर थाना में दर्ज कराए गए आवेदन के अनुसार, करीब दो साल पहले पीड़िता के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. पुत्र की मृत्यु के एक माह बाद ही उसके पति का भी निधन हो गया. लगातार हुए इन आघातों के बाद वह मानसिक और सामाजिक रूप से टूट चुकी थी और अकेले जीवन बिता रही थी. इसी दौरान उसके दिवंगत पति के परिचित बैरवा निवासी वकील यादव ने उससे संपर्क किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. महिला का एक भूमि विवाद का मामला न्यायालय में लंबित था. आरोप है कि इसी मामले में मदद के बहाने आरोपी ने उसका विश्वास जीत लिया और उसे कई बार बैरवा ले गया. 

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के घर उसे भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया जाता था. अचेत अवस्था में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाते थे. जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने कोर्ट में चल रहे जमीन विवाद को बिगाड़ देने की धमकी देकर उसे चुप रहने पर मजबूर कर दिया. सामाजिक बदनामी और लोक-लज्जा के डर से वह लंबे समय तक यह सहती रही. पीड़िता के मुताबिक, कुछ दिन पहले आरोपी उसके दिवंगत पति के नाम पर दर्ज ट्रैक्टर और रोटावेटर को खेत जोतने के बहाने अपने गांव ले गया. बाद में जब उसने संपत्ति वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा. महिला ने बताया कि 12 जून को वह ट्रैक्टर और रोटावेटर लेने आरोपी के घर पहुंची थी. वहां आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती करने का प्रयास किया. साथ ही उस पर शादी करने का दबाव भी बनाया. पीड़िता का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. उसने कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो उसके पति की तरह ही उसे और उसके परिवार को भी खत्म करवा दिया जाएगा. 


मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. पति और पुत्र की मौत के बाद अकेली रह रही महिला के साथ कथित शोषण और संपत्ति हड़पने के आरोपों ने जिले में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

(रिपोर्ट:- सुनीत साना)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages