मधेपुरा: लक्ष्मीनारायण ठाकुरबाड़ी झूलनोत्सव समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ठाकुरबाड़ी परिसर में तीन दिवसीय भव्य झूलनोत्सव का आयोजन किया गया. झूलनोत्सव 26, 27 एवं 28 अगस्त 2026 को आयोजित हुआ. आयोजन को लेकर समिति के अध्यक्ष, सचिव समेत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई. झूलनोत्सव के अवसर पर गर्भगृह में स्थापित ठाकुर जी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. ठाकुर जी को झूले पर विराजमान कराया गया. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठाकुरबाड़ी आने वाले विभिन्न मार्गों पर रोड लाइट एवं आकर्षक सजावट की गई. कार्यक्रम के पहले दिन 26 अगस्त को झूलनोत्सव का उद्घाटन नगर परिषद मधेपुरा की मुख्य पार्षद कविता कुमारी साहा, समाजसेवी आभारानी यादव, अशोक कुमार चौधरी एवं समिति के अध्यक्ष प्रो. बिजेंद्र नारायण यादव, सचिव राजीव कुमार उर्फ पप्पू पोद्दार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद विकास प्रकाश एंड म्यूजिकल ग्रुप द्वारा एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए. भजनों की प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे. श्रद्धालुओं की फरमाइश पर भी भजन प्रस्तुत किए गए. कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच ठाकुर जी का प्रसाद भी वितरित किया गया. समिति की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. समिति के अध्यक्ष प्रो. बिजेंद्र नारायण यादव ने बताया कि झूलनोत्सव समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष संगीत, साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाता है. इसी परंपरा के तहत कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर न्यास एवं झूलनोत्सव समिति के सचिव राजीव कुमार उर्फ पप्पू पोद्दार, उपाध्यक्ष राजन सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार टीकू, सदस्य सोनू साह, दुर्गेश कुमार, पवन कुमार सिन्हा, वीरेंद्र पासवान, मृत्युंजय सिंह, विनोद प्रसाद वर्मा सहित समिति के कार्यकर्ता राकेश कुमार, आदर्श सिन्हा, किशोर श्रीवास्तव, विकास कुमार विक्की, किशोर ठाकुर, अनुज कुमार, चंद्रमणि भारती, रितेश सिंह, संजय कुमार संजू, रोहित राज एवं संजीव श्रीवास्तव मौजूद रहे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










