मधेपुरा: मशाल 2026 को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 15 से 16 सितंबर तक शिवनंदन प्रसाद इंटर स्तरीय विद्यालय के स्मार्ट क्लास में किया जा रहा है. प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शास्त्री, विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार यादव एवं संभाग प्रभारी प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शास्त्री ने कहा कि मशाल 2026 के तहत विद्यालय, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है. उन्होंने कहा कि मधेपुरा जिले के सभी विद्यालयों की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक बच्चों का पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों एवं अनुदेशकों से प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए बेहतर तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की. कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक सह मास्टर ट्रेनर अरुण कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि मधेपुरा की भागीदारी बेहतर बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ काम करना होगा. प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक अरुण कुमार, रीतेश रंजन, अमित कुमार आनंद, गौरी शंकर कुमार एवं अरमान अंसारी ने कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग सहित विभिन्न खेलों के नियम, तकनीक एवं आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. मौके पर विद्यालय के प्राचार्य रमेश कुमार यादव ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शास्त्री को बुके देकर सम्मानित किया. प्रशिक्षण शिविर में संभाग प्रभारी प्रशांत कुमार, जिला मास्टर ट्रेनर एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक दिलीप कुमार, धैलाढ़ के अविनाश कुमार, सिंहेश्वर की रोशनी वर्मा, मधेपुरा की लुशी कुमारी, कुमारखंड के सुशील कुमार, ग्वालपाड़ा की सोनी राज, बिहारीगंज के पवन कुमार, गम्हरिया के अमित कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक मौजूद रहे. शिविर में जिले के 20 शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










