मधेपुरा: जिले के मिठाही पुलिस शिविर क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कांप बाजार निवासी राय साहेब यादव के पुत्र राजकुमार (24) के रूप में हुई है. मिठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी ने बताया कि सोमवार की शाम पुलिस गश्ती दल चकला नहर के समीप वाहन जांच अभियान चला रहा था. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खौपैटी से चकला चौक होते हुए मिठाई की ओर एक युवक स्प्लेंडर बाइक से हथियार लेकर जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच सख्त कर दी.
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधि करता नजर आया. पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली. पुलिस शिविर प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसे कहां से मिला और वह इसे लेकर किस उद्देश्य से जा रहा था. इसके अलावा उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को जब्त कर युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार गश्त और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध हथियारों की आवाजाही और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










