पत्रकारों की सुरक्षा और सत्यापन को लेकर एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

18 सितंबर 2026

पत्रकारों की सुरक्षा और सत्यापन को लेकर एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

मधेपुरा: पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन, मधेपुरा की ओर से जिलाधिकारी अभिषेक रंजन को ज्ञापन सौंपा गया. संगठन के प्रभारी प्रमंडलीय अध्यक्ष सह जिलाध्यक्ष डॉ. सुलेन्द्र कुमार ने ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय की मांग की है. ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान कई बार दुर्व्यवहार, धमकी और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है. संगठन ने सहरसा में एक डॉक्टर द्वारा पत्रकार के साथ किए गए दुर्व्यवहार के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. संगठन की ओर से मांग की गई है कि डीपीआरओ के माध्यम से जिले और प्रखंड के पत्रकारों की सूची तैयार कर प्रशासन के पास रखी जाए. सूची संबंधित थानों और अधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वास्तविक पत्रकारों की पहचान हो सके. 

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि किसी पत्रकार के खिलाफ शिकायत या कार्रवाई की स्थिति में, जहां तत्काल कानूनी कार्रवाई जरूरी नहीं है, वहां कार्रवाई से पहले पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष को इसकी सूचना दी जाए. इससे संगठन को अपने स्तर से मामले को सुलझाने का प्रयास करने का मौका मिल सके. संगठन ने पत्रकारों की सदस्यता और पहचान का सत्यापन संबंधित संस्थान के साथ-साथ पत्रकार संगठन के स्तर से कराने की मांग की है, ताकि फर्जी पत्रकारिता पर रोक लगाई जा सके. नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है. मौके संरक्षक चंदन कुमार, उपाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह, उपाध्यक्ष श्रीकांत राय, सचिव डॉ. सविता नंदन कुमार, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार, प्रमंडलीय उपाध्यक्ष रुद्रनारायण यादव, पत्रकार महताब सहित अन्य मौजूद रहे.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages