बाबा गणिनाथ गोविंद जयंती समारोह की तैयारियां पूरी - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

18 सितंबर 2026

बाबा गणिनाथ गोविंद जयंती समारोह की तैयारियां पूरी

मधेपुरा: जिला मुख्यालय के डाक बंगला रोड स्थित जिला परिषद विभाग भवन परिसर में 19 सितंबर को बाबा गणिनाथ गोविंद जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा. समारोह को लेकर आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला कार्यक्रम संयोजक मनीष कुमार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, पंडाल निर्माण, मंच सज्जा, लाइट-साउंड तथा अतिथियों के बैठने और स्वागत की व्यवस्था पूरी कर ली गई है. उन्होंने बताया कि बाबा गणिनाथ गोविंद समाज के आराध्य और प्रेरणास्रोत हैं. उनकी जयंती प्रत्येक वर्ष सामाजिक एकता और जागरूकता के पर्व के रूप में मनाई जाती है. समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसमें स्थानीय कलाकार भजन-कीर्तन और लोकगीत प्रस्तुत करेंगे. इसके अलावा बाबा गणिनाथ गोविंद के जीवन, आदर्शों और सामाजिक योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित होगी. वक्ता उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश देंगे. 
इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया जाएगा. समारोह में जिले के सभी प्रखंडों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है. आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आयोजन समिति ने समाज के लोगों और आम नागरिकों से 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में जिला परिषद भवन परिसर पहुंचकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages