मधेपुरा: बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ की मधेपुरा जिला इकाई के संगठन निर्माण सह विस्तार कार्यक्रम के तहत रविवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सिंह ने की. बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. प्रदेश उपाध्यक्ष विकास सिंह ने नवगठित जिला कमेटी के सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया. बैठक को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सत्यम कुमार ने शिक्षकों के लिए सातवें वेतन आयोग की मांग को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उनका पूर्ण अधिकार और उचित वेतनमान मिलना चाहिए. शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठाएगा. जिला उपाध्यक्ष रितेश रंजन ने शिक्षकों के लंबित एरियर के भुगतान से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए इसके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही. जिला कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ इकबाल ने संगठन को मजबूत और अनुशासित बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मधेपुरा जिला टीम को एकजुटता, अनुशासन और सक्रियता के साथ मजबूत संगठन के रूप में विकसित किया जाएगा. संघ संरक्षक शानू कुमार ने शिक्षकों के मूलभूत विकास, सम्मानजनक कार्य वातावरण तथा उनकी बुनियादी समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर विचार रखे. बैठक में सर्वसम्मति से जिला कमेटी का गठन किया गया. इसमें सत्यम कुमार को जिला अध्यक्ष, आसिफ इकबाल को कार्यकारी अध्यक्ष, ओमप्रकाश भारती को जिला संयोजक, रितेश रंजन को जिला उपाध्यक्ष, शानू कुमार को संघ संरक्षक, प्रेमनंदन कुमार को कोषाध्यक्ष, ऋचा कुमारी को महिला संगठन मंत्री, समर चांद को जिला सचिव, रौशन कुमार को महासचिव, वेद व्यास एवं आलोक कुमार को प्रवक्ता, लोकेश कुमार को मीडिया प्रभारी तथा अताउर रहमान को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, शिक्षकों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की. बैठक के अंत में शिक्षक प्रतिनिधियों ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए शिक्षकों के हित, सम्मान और अधिकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन को जिला स्तर पर सशक्त बनाने का संकल्प लिया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










