मधेपुरा: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 की घोषणा के बाद मधेपुरा में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं. जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने संबंधित कोषांगों एवं पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी. नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है. 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी.
निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है. प्रशासन ने इसके अनुपालन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं. मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था के साथ पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. आचार संहिता के उल्लंघन या निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी अनुचित आचरण पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पात्र एवं पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को निर्धारित समय पर मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









