कार्यालय में लिपिक से मारपीट और धमकी का आरोप, प्रधानाध्यापक पर केस - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

11 सितंबर 2026

कार्यालय में लिपिक से मारपीट और धमकी का आरोप, प्रधानाध्यापक पर केस

मधेपुरा: जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय की स्थापना शाखा में पदस्थापित लिपिक सूर्य नारायण मंडल ने उदाकिशुनगंज प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय जोतैली के प्रधानाध्यापक कुमार संजय प्रताप के खिलाफ सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. लिपिक ने प्रधानाध्यापक पर गाली-गलौज, मारपीट, धमकी देने तथा कार्यालय के अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना को दिए आवेदन में लिपिक ने बताया कि मंगलवार को वह डीईओ कार्यालय की स्थापना शाखा में विभागीय कार्य कर रहे थे. इसी दौरान करीब 10:40 बजे प्रधानाध्यापक कुमार संजय प्रताप विद्यालय अवधि में कार्यालय पहुंचे और उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी देने लगे. लिपिक के अनुसार, उन्होंने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानाध्यापक कथित रूप से उग्र हो गए और मारपीट करने लगे. 
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि खुद को बचाने के दौरान प्रधानाध्यापक ने गोली मारने की धमकी दी और कार्यालय में रखे कुछ अभिलेखों को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद लिपिक ने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है. सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. इधर, उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना के आरोप में प्रधानाध्यापक कुमार संजय प्रताप को निलंबित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages