बीएड फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

11 सितंबर 2026

बीएड फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग

मधेपुरा: भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (बीएनएमयू) में गुरुवार को बीएड फर्स्ट ईयर सेशन 2025-27 के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने छात्र जदयू बीएनएमयू अध्यक्ष निखिल सिंह यादव के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा को मांग पत्र सौंपकर जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग की. छात्र जदयू बीएनएमयू अध्यक्ष निखिल सिंह यादव ने बताया कि बीएड फर्स्ट ईयर की परीक्षा 8 जून से 15 जून 2026 तक कॉमर्स कॉलेज परीक्षा केंद्र पर आयोजित की गई थी. परीक्षा समाप्त हुए करीब ढाई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है. रिजल्ट नहीं आने के कारण बीएड सेकंड ईयर में नामांकन और कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं. वहीं, रिजल्ट के अभाव में छात्र-छात्राएं पीएमएस स्कॉलरशिप के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है. परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा ने बताया कि यूएमआईएस पोर्टल के पेमेंट का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण बीएड फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जारी करने में तकनीकी समस्या आ रही है. 
इसके बाद दर्जनों छात्र-छात्राएं यूएमआईएस कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए रिजल्ट में देरी का कारण पूछा. यूएमआईएस पोर्टल के हेड इंचार्ज आशुतोष कुमार झा ने छात्रों को बताया कि इस संबंध में हेड ऑफिस से बात करने के बाद कुलपति के संज्ञान में मामला दिया जाएगा. इसके बाद ही रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. छात्रों की समस्या को लेकर परीक्षा नियंत्रक भी यूएमआईएस कार्यालय पहुंचे और समाधान का प्रयास किया. छात्र जदयू विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष बाबुल सिंह ने कहा कि बीते दस दिनों से बीएड के छात्र रिजल्ट जारी कराने के लिए विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को आश्वस्त किया कि कुलपति से विचार-विमर्श कर जल्द ही रिजल्ट जारी कराने का प्रयास किया जाएगा. मौके पर छात्र जदयू नेता नीरज कुमार यादव, बाबुल सिंह, सन्नी सिंह, प्रणव, प्रिंस, अंजली, संध्या, कोमल, उज्जवल, सोनाली, पूजा, श्वेता, स्वर्णिम, अनिल, राजीव, निराला, मंटू सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. 
(रिपोर्ट:- ईमेल) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages