उदाकिशुनगंज: नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों, गली-नाली निर्माण, हाई मास्ट लाइट, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी ने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर 8 सितंबर की बैठक में सभी लंबित एवं जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ शामिल कर समीक्षा करने का आग्रह किया है. पत्र में कहा गया है कि पूर्व की बैठकों में कई विकास कार्य स्वीकृत अथवा प्रस्तावित किए गए थे, लेकिन अब तक कई योजनाएं पूरी नहीं हो सकी हैं. उप मुख्य पार्षद ने प्रत्येक लंबित कार्य की समय-सीमा निर्धारित करने और संबंधित पदाधिकारी या कर्मी की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. उन्होंने वार्ड संख्या 16 स्थित सत्संग भवन परिसर में स्वीकृत हाई मास्ट लाइट का जल्द अधिष्ठापन कराने तथा सत्संग भवन से चंदन लोहार के घर तक आरसीसी नाला निर्माण शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग की. अशोक सम्राट भवन, एमआरएफ एवं कचरा डंपिंग यार्ड के निर्माण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी भी मांगी गई है. वार्ड संख्या 12 स्थित बिशहरी माता स्थान पर फाइबर ब्लॉक निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई है. आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए एसएच-91 समेत विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने पर जोर दिया गया है. पत्र में नगर परिषद द्वारा लगाए गए एटीएम, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य जनसुविधाओं को सुचारु कराने की मांग भी की गई है. उप मुख्य पार्षद ने लंबित कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा, प्रगति प्रतिवेदन और जियो-टैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा है. साथ ही जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर समयबद्ध कार्रवाई कर लिखित जवाब देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










