विधि-विधान के साथ श्री कृष्ण भगवान के प्रतिमा का हुआ विसर्जन - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

7 सितंबर 2026

विधि-विधान के साथ श्री कृष्ण भगवान के प्रतिमा का हुआ विसर्जन

मधेपुरा: शहर के सार्वजनिक श्री बड़ी दुर्गा स्थान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर स्थापित भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, भगवान श्रीगणेश, भगवान श्रीशंकर, माता पार्वती एवं वासुदेव महाराज की प्रतिमाओं का सोमवार को पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया. बताया गया कि जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर सार्वजनिक श्री बड़ी दुर्गा स्थान पूजा समिति की ओर से भव्य मेले के साथ इन प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी. पिछले तीन दिनों से मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की. सोमवार को पूजा समिति की ओर से प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई. फूलों से सजे ट्रैक्टर पर सभी प्रतिमाओं को स्थापित कर नगर भ्रमण कराया गया. शोभायात्रा के दौरान ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा. 
युवाओं की टोली डीजे की धुन पर नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हुई. शोभायात्रा भीरखी नवटोलिया छठ घाट पहुंची, जहां बारी-बारी से सभी प्रतिमाओं का जल में विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं में भावुकता का माहौल रहा. लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण से अगले वर्ष फिर इसी तरह जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन की कामना की. इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. बताया गया कि जन्माष्टमी से जुड़े सभी आयोजनों का संचालन मेला व्यवस्थापक विक्की विनायक के नेतृत्व में किया गया.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages