पूर्णिया: राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 के अवसर पर आहार विशेषज्ञ रिजवाना आज़मी ने लोगों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि सही पोषण न केवल शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है, बल्कि जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने बताया कि आज के समय में अस्वास्थ्यकर खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव और पर्याप्त नींद नहीं लेने के कारण मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है. ऐसे में दैनिक भोजन में फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, मेवे, बीज और पर्याप्त प्रोटीन को शामिल करना जरूरी है. रिजवाना आज़मी ने कहा कि अधिक चीनी, नमक, तले-भुने खाद्य पदार्थ, पैकेज्ड एवं प्रोसेस्ड फूड और मीठे पेय पदार्थों के सेवन को सीमित करना चाहिए. इसके साथ नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, उचित मात्रा में पानी का सेवन और तनाव प्रबंधन भी स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि आहार विशेषज्ञ व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति, दिनचर्या और आवश्यकताओं के अनुसार उचित पोषण संबंधी सलाह दे सकता है. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई लोग गलत खान-पान और अस्वस्थ जीवनशैली के कारण अनजाने में बीमारियों को बढ़ावा देते हैं. बीमारी गंभीर होने के बाद अक्सर उन्हें लगता है कि काश उन्होंने पहले ही अपने खान-पान पर ध्यान दिया होता. उन्होंने कहा कि पोषण को बीमारी के बाद अपनाया जाने वाला उपाय नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की नींव समझना चाहिए. बच्चों को बचपन से ही संतुलित आहार और स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक करने से भविष्य में जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों की रोकथाम में मदद मिल सकती है. उन्होंने संदेश दिया “सही पोषण अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं. दैनिक खान-पान में किए गए छोटे और लगातार सकारात्मक बदलाव लंबे समय में स्वास्थ्य पर बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं.”
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....