मधेपुरा: जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को “संविधान बचाओ पदयात्रा” का शुभारंभ आलमनगर प्रखंड कांग्रेस कार्यालय से किया गया. सुबह 10 बजे शुरू हुई पदयात्रा का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सौरभ ने किया. पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांवों और प्रखंडों में पहुंचकर आम लोगों से संवाद करने तथा उनकी समस्याओं को लोकतांत्रिक मंच पर उठाने की बात कही. पदयात्रा के दौरान नशामुक्ति, शिक्षा व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम लोगों की परेशानियों को प्रमुख मुद्दा बनाया गया. जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सौरभ ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देने वाला मूल आधार है. इसलिए संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के बीच जाकर संवाद करना जरूरी है. उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के कारण अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य संकट में पड़ रहा है. उन्होंने सरकार और प्रशासन से अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, खेल और सकारात्मक अवसर बढ़ाने की मांग की. शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त शिक्षकों और बेहतर विद्यालयों की आवश्यकता बताई. वहीं बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं को भी जनता से जुड़े गंभीर सवाल बताया. सौरभ ने कहा कि पदयात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर लोगों से उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी. उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनता की आवाज को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित मंचों तक पहुंचाना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....










