कृष्णलीला के अंतिम मंचन में राधा-कृष्ण की होली ने मोहा मन, कलाकार हुए सम्मानित - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

21 नवंबर 2026

कृष्णलीला के अंतिम मंचन में राधा-कृष्ण की होली ने मोहा मन, कलाकार हुए सम्मानित

मधेपुरा: कला एवं संस्कृति विभाग, पटना तथा जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय राजकीय गोपाष्टमी महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन गोशाला परिसर में तीन दिवसीय कृष्णलीला का भव्य समापन हुआ. इस अवसर पर कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का जीवंत मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया. श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर पूतना वध तक के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण की आरती एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से हुई. इसके बाद पूतना राक्षसी वध के प्रसंग का आकर्षक मंचन किया गया. पूतना द्वारा बाल रूप में भगवान श्रीकृष्ण को दूध पिलाने के बहाने उनकी हत्या की साजिश और अंततः उसके वध के दृश्य को कलाकारों ने शानदार अभिनय से जीवंत कर दिया. इसके बाद श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े अन्य प्रसंगों की प्रस्तुति हुई. वहीं, मथुरा एवं बरसाना में राधा-कृष्ण की होली के मंचन ने पूरे पंडाल को रंग, उमंग और भक्ति के वातावरण से सराबोर कर दिया. कलाकारों के आकर्षक नृत्य और शानदार अभिनय ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान उप विकास आयुक्त अरुण कुमार एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी की सहभागिता ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे. आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रही. 
देर रात तक संचालन समिति के अध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त अरुण कुमार, सदस्य सचिव सह कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी, श्री गौशाला समिति के सचिव पृथ्वीराज यदुवंशी, संचालन समिति के सदस्य सुनीत साना, अमित कुमार अंशु, शिक्षक मिथुन कुमार गुप्ता, कार्यालयकर्मी अवधेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम का मंच संचालन युवा साहित्यकार एवं इतिहासकार डॉ. हर्षवर्धन सिंह राठौड़ ने किया. कृष्णलीला के समापन के बाद संचालन समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार एवं सदस्य सचिव आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से श्री बृजलोक कला सांस्कृतिक कला समिति के कलाकारों को जिला प्रशासन की ओर से गोपाष्टमी महोत्सव का विशेष स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय कृष्णलीला के दौरान पूरा गोशाला परिसर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीला के रंगों में रंगा नजर आया. इसका पूरा श्रेय कलाकारों की जीवंत एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को जाता है. वहीं, श्री बृजलोक कला सांस्कृतिक कला समिति के संयोजक संतोष कुमार ने मधेपुरा के लोगों से मिले स्नेह और जिला प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया. 


धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने कृष्णलीला के सफल मंचन एवं संचालन का श्रेय सामूहिक प्रयास और सभी के योगदान को दिया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बिना किसी विघ्न-बाधा के शानदार आयोजन संपन्न हुआ. शहरवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति और अनुशासन काबिलेतारीफ रहा. वहीं, मीडिया ने भी आयोजन से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित कर प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने आगे भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर स्तर पर गोपाष्टमी महोत्सव को यादगार बनाने के लिए कृतसंकल्पित है.

(रिपोर्ट:- ईमेल)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages