प्रगतिशील लेखक संघ ने दशरथ प्रसाद कुलिश और एहसान शाम को दी श्रद्धांजलि - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

25 नवंबर 2026

प्रगतिशील लेखक संघ ने दशरथ प्रसाद कुलिश और एहसान शाम को दी श्रद्धांजलि

मधेपुरा: प्रगतिशील लेखक संघ, मधेपुरा के तत्वावधान में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में चर्चित शायर स्मृतिशेष दशरथ प्रसाद कुलिश एवं मशहूर शायर एहसान शाम की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. संघ के अध्यक्ष एवं वरीय साहित्यकार प्रो. विनय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और साहित्यकारों ने दोनों रचनाकारों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर वरीय साहित्यकार एवं प्रगतिशील लेखक संघ के संरक्षक सह पूर्व कुलसचिव प्रो. सचिन्द्र ने कहा कि दशरथ प्रसाद कुलिश एवं एहसान शाम का साहित्यिक योगदान सदैव उन्हें जीवित रखेगा. पीजी हिंदी विभाग, सहरसा के प्रो. सिद्धेश्वर कश्यप ने कहा कि दशरथ जी अपनी लेखनी के माध्यम से दमन, दोहराव और सांप्रदायिक विद्वेष पर पैनी नजर रखते थे। वहीं, एहसान शाम की रचनाएं मानवीय मूल्यों से जुड़ी थीं. उनकी गजलों में मिट्टी की सोंधी सुगंध महसूस होती है. उन्होंने एहसान शाम की पंक्तियों को याद करते हुए कहा, 'गले में लिपटे हुए सांप से नहीं डरता, बगल में बैठे हुए इंसान से डरता हूं.' वहीं, उनकी एक अन्य पंक्ति 'न मस्जिदों में, न मंदिरों में रहता है खुदा, गरीबों के टूटे दिलों में रहता है' को भी याद किया.
चर्चित किसान नेता एवं साहित्यकार शंभू शरण भारतीय ने कहा कि समाज में बढ़ते बिखराव को रोकने की जिम्मेदारी कलमकारों की है. जाने वाले लौटकर नहीं आते, लेकिन उनकी यादें और रचनाएं हमेशा साथ रहती हैं. दशरथ प्रसाद कुलिश का ओज और एहसान शाम की शालीनता साहित्य जगत की अनमोल धरोहर है. गजलकार सियाराम यादव मयंक ने अपनी मैथिली रचना प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि दी. चर्चित वाम विचारक प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि दशरथ प्रसाद कुलिश बागी तेवर वाले रचनाकार थे. उनकी बेबाक अभिव्यक्ति और विशिष्ट लेखन शैली लोगों को प्रभावित करती थी. आज साहित्य जगत में उनकी कमी खलती है. संघ के संरक्षक प्रो. आलोक कुमार ने दशरथ प्रसाद कुलिश के साथ बिताए पलों को याद किया. संघ के उपाध्यक्ष रमन कुमार ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर भाकपा जिला मंत्री विद्याधर मुखिया, बीरेन्द्र नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष अबू जफर, कार्यकारिणी सदस्य प्रो. प्रसन्ना लेनिन सहित अन्य साहित्यप्रेमी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रगतिशील लेखक संघ, मधेपुरा के जिला सचिव डॉ. हर्ष वर्धन सिंह राठौर ने कहा कि संघ स्थानीय साहित्यिक विरासत को संग्रहित एवं संरक्षित करने के लिए संकल्पित है. इसी उद्देश्य से दोनों साहित्यकारों की स्मृति में दशरथ प्रसाद कुलिश एवं एहसान शाम स्मृति प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. प्रतियोगिता में नवम वर्ग के प्रणव कंठ ने प्रथम, तान्या ने द्वितीय तथा सप्तम वर्ग की आलिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. उन्होंने बताया कि सफल प्रतिभागियों को 'अलविदा 2026' कार्यक्रम के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. 
(रिपोर्ट:- ईमेल) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages