बिहार उत्सव के अवसर पर त्रिदिवसीय विकास मेला शुरू - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

23 मार्च 2015

बिहार उत्सव के अवसर पर त्रिदिवसीय विकास मेला शुरू

तीन दिवसीय विकास मेला का राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री नरेन्द्र नारायण यादव ने किया उद्घाटनकदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर  प्रशासन की हुई प्रशंसा बिहार दिवस के अवसर पर स्टेडियम मैदान में तीन दिवसीय विकास मेला का उद्घाटन करते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री नरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि कभी बाढ़ तो कभी सुखा और कहीं उग्रवाद को झेलते हुए आगे बढ़ रहे हमारे बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। निरन्तर विकास का पथ तय कर रहा बिहार की गौरवशाली परम्परा रही है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्रित्व काल में राज्य ने विकास के नये आयाम बनाये हैं। लेकिन अभी भी हमें बहुत दूर चलना है और इसके लिए आप सब का साथ चाहिये। उन्होंने जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मधेपुरा और सुपौल जिला प्रशासन प्रशंसा के पात्र हैं जहां मैट्रिक की कदाचारमुक्त परीक्षा ली गई। अभिभावकों को भी यह सोचना चाहिए कि हम अपने बच्चों को कितना और कैसा ज्ञान दे रहे हैं।
इस अवसर पर स्वागत भाषण करते हुए जिलाधिकारी गोपाल मीणा ने कहा कि यहां कृषि यांत्रिकरण सह उत्पादन मेला के साथ ही विकास मेला का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कदाचार पर पाबंदी, अधिप्राप्ति और मार्च लूट पर पाबंदी लगाने में जिला प्रशासन ने सबके सहयोग से सफलता पाई है। अब हमारा अभियान युवाओं के लिये समर्पित होगा। इसमें पढ़ाई, खेलकूद और कला एवं साहित्य को प्रोत्साहित करने का काम शुरू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक अप्रैल से हमारा सड़क सुरक्षा अभियान शुरू होगा जिसमें मोटरसाइकिल पर चालक और उसके पीछे बैठे लोगों के लिये हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। मोटर साइकिल दुकानदार बिना हेलमेट क्रय रसीद के मोटरसाइकिल नहीं बेचेंगे तथा पेट्रौल पम्प वाले बिना हेलमेट के पेट्रौल नहीं देंगे। यह भी सोचें कि पांच हजार के मोबाइल में आप स्क्रीन गार्ड लगाते है लेकिन अपने और अपने बेटे के लिए हेलमेट नहीं लेते। विधायक प्रो. चन्द्रशेखर ने कहा कि कदाचारमुक्त के लिए जिलाधिकारी धन्यवाद के पात्र हैं। धान क्रय में बिचौलियों पर पाबंदी लगाकर इन्होंने सराहनीय कार्य किया है। स्कूलों में पढ़ाई हो अब इसपर ध्यान देने की जरूरत है। हमारी विडम्बना है कि हम अपने देवताओं, महापुरूषों की पूजा करते हैं लेकिन उनकी बातों का अनुसरण नहीं करते। विधायक रमेश ऋषिदेव ने बिहार विकास के लिए नीतीश कुमार को श्रेय दिया जबकि डा. भूपेन्द्र मधेपुरी ने बिहार के गौरवशाली इतिहास को सामने रखा। इस अवसर पर स्वागत गीत उपेन्द्र नारायण यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रख्यात तब्लावादक अंग्रेजी की पूर्व विभागाध्यक्ष डा. योगेन्द्र नारायण यादव को मंत्री नरेन्द्र नारायण यादव ने सम्मानित किया। यहां आदिवासियों की नृत्य टोली ने भी आपना कार्यक्रम पेश किया जबकि जन शिक्षा की कला जत्था ने परीक्षा में कदाचार का दुत्कार गीत प्रस्तुत किया। बाद में कृषि उपादन और विकास मेला के विभिन्न स्टॉलों का उद्घाटन किया गया। दो ट्रेक्टरों की चाबी मंत्री महोदय द्वारा किसान अजय कुमार दास और तारानंद साह को दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी आर के राय ने बताया कि यह मेला तीन दिनों तक चलेगा।




Post Bottom Ad

Pages