09/05/15 तूफान और भूकंप जैसी आपदाओं की वजह से हुई क्षति को देखते हुए शनिवार को 34वां स्थापना दिवस समारोह झुल्लू बाबू सभगार में आयोजित सादे समारोह में संपन्न हुआ।
समारोह का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी गोपाल मीणा ने पदाधिकारियों से जिले के सम्यक विकास का प्रयास करने एवं आमलोगों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मधेपुरा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उसे तराशने की है।
इससे पहले सुबह में प्रभात फेरी निकाली गयी। विकास दौड़ के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन 09/05/15 किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी गोपाल मीणा, आरक्षी अधीक्षक आशीष भारती एवं डीडीसी मिथिलेश कुमार के द्वारा स्मारिका का विमोचन किया गया। अपर समाहत्र्ता अबरार अहमद कमर ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आपदा और आवंटन के अभाव में समारोह खर्च में कटौती की गयी।
एसपी ने कहा कि जिला प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या व बाल मृत्यु दर को कम करने एवं शिक्षा और साक्षरता की स्थिति में अपेक्षित सुधार करना शेष है। इसके लिए सामाजिक स्तर पर भी पहले की जरूरत है।
डा. मधेपुरी ने जिला सृजन के इतिहास पर प्रकाश डाला। प्रो. श्यामल किशोर यादव ने जिले को पूर्ण साक्षर के लिए हरस्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता जतायी।
डा. शांति यादव ने कहा कि शिक्षा को सुधारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समय कम होने की वजह से स्मारिका को सही रूप नहीं दिया जा सका है। इसका खेद है। बावजूद इसमें मधेपुरा के पर्व त्योहार, लोक गाथाओं, खेल खिलाड़ी, संगीत, कोसी, इतिहास, व्यक्तित्व आदि सभी पक्ष को समेटने की कोशिश की गई है। इस अवसर पर आत्मा के प्रबंधनिदेशक राजन बालन ने अपनी व्यंग कविताओं का पाठ किया। प्रभात फेरी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन स्काउट आयुक्त जयकृष्ण यादव ने किया। इस मौके पर एसडीओ बिमल कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।









