भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने कहा कि कोसी के लोगों को जो हक मिलना चाहिए वह अभी तक नहीं मिल पाया है। कोसी में बाहुबलियों का कब्जा है। नीतीश- लालू ने मिलकर लोगों को धोखा दिया है। कोसी क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। लेकिन यहा के लोगों को राजनेताओं ने धोखे में रखकर वोट की राजनीति की है। यहीं कारण है कि कोसी के लोग आज अपने आप को ठगा सा महसूस
कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएएच 106 हर हाल में बनेगा। केंद्र सरकार जल्द इस दिशा में पहल करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शनिवार को फुलौत में एक आम सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोसी नदी पर बनने वाले पुल का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। फुलौत को कटाव से रोकने के लिए ही पुल बनेगा। इसके लिए शीघ्र निविदा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री पर प्रहार करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने लालू शासन का विरोध कर सत्ता प्राप्त किया था। लेकिन अब उन्हीं के साथ हैं। नीतीश कुमार ने लोगों को ठगने का काम किया है। बीजेपी के डर से इन लोगों ने महागठबंधन बनाया है। मुसलमानों को बरगलाया जा रहा है। बीजेपी ने जो सम्मान मुस्लिमों को दिया है शायद ही कोई पार्टी सम्मान दिया हो। उन्होंने मुसलमानों से आह्वान करते हुए कहा कि यदि बीजेपी मुसलमान विरोधी होती तो पार्टी के उच्च पदों पर उन्हें जगह नहीं मिलती। उपप्रमुख विनोद सिंह ने कहा कि फुलौत के लोग हर साल कोसी की त्रासदी को झेलते है। क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र नारायण यादव केवल वोट की राजनीति कर यहा के लोगों को ठगने का काम किया है। सभा को क्षेत्रीय प्रभारी प्रमोद मोदी, चंदन सिंह, जिला पार्षद सुबोध ऋषिदेव, शिवेन्द्र प्रसाद मोदी, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार यादव आदि ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता यदुनंदन यादव ने की जबकि संचालन सुबोध कुमार सिंह ने किया।









