18/06/15 जिले के चौसा थाना क्षेत्र के रहुआ टोला गांव के परमेश्वर कुमार मंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी के जनता दरबार में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के नाम पर दो लाख 20 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप चौसा निवासी विपिन पासवान पर लगाया। मंडल ने कहा कि विपिन पासवान दलित सेना का उदाकिशुनगंज प्रखंड अध्यक्ष हैं। उन्होंने खुद को केंद्रीय मंत्री रामबिलास पासवान का संबंधी बताते हुए सरकारी नौकरी दिलाने के नाम दो लाख 20 हजार रुपया लिया। इसके बाद सुलभ ज्योति इंडिया परिवार कम्पनी में समन्वयक की नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया। सुलभ ज्योति का पता तीसरा तल्ला, दिवाकर निवास, एएन कालेज के सामने, बोरिंग रोड, पटना लिखा था। लेकिन, पटना पहुंचने पर यह कंपनी कहीं नहीं मिली। राशि की मांग करने पर हरिजन अत्याचार अधिनियम के तहत केस कर फंसाने की धमकी देता है। जिलाधिकारी ने इस मामले को चौसा थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ग्वालपाड़ा प्रखंड के सरौनी कला गांव के टोला बलवा वार्ड नं.सात के दर्जनों ग्रामीणों का आरोप था कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलवा के लिए भवन निर्माण एवं चाहर दिवारी निर्माण के लिये एक शिक्षक सुलोचना सिंह को राशि दी गई। लेकिन सारा कार्य अपूर्ण है। चहार दिवारी बनी नहीं और सारी राशि निकासी का ली गई। इस मामले को जांच कर कार्रवाई हेतु डीपीओ, सर्व शिक्षा अभियान को सौंपी गई। सरौनी कला, ग्वालपाड़ा के ही शशिकांत मंडल की फरियाद थी कि 2003-04 में ही सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना की योजना संख्या पांच कुलदीप मंडल के घर से श्री लाल मंडल के घर तक ईट सोलिंग सड़क निर्माण की योजना शुरू की गई थी। लेकिन निजी जमीन पर सड़क बनाई जाने लगी तो उच्चाधिकारियों के पास शिकायत किया। शुरू किया गया काम तो रूक गया, लेकिन इस योजना की सारी राशि निकालकर बन्दर बांट कर ली गई। मामले की जांच डीडीसी को सौंपी गई। जनता दरबार में अन्य मामले चक्रवाती तूफान पीड़ितों के मुआवजा भुगतान हेतु, इन्दिरा आवास की द्वितीय किस्त में विलम्ब, भूमि पर जबरन कब्जा, आंगनबाड़ी सेविका नियोजन में धंधली आदि को लेकर दिया गया।