09/07/15 मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों से रंगदारी मांगने वाला कोई कुख्यात अपराधी नहीं बल्कि मध्य विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक निकला. मधेपुरा के सिंघार मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक निरंजन कुमार भगत को पुलिस ने एक साथियों के साथ दबोच लिया है. उनके कब्जे से तीन मोबाइल, 17 सिम कार्ड के साथ विभिन्न मंत्रियों, विधायकों, सरकारी अधिकारियों के फोन नम्बर, कई व्यक्तियों के फोटो, वोटर आईकार्ड और एकाउंट नम्बर मिले हैं. तीनों की गिरफ्तारी के बाद मधेपुरा पुलिस ने राहत की सांस ली है. डीआईजी नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई प्रमुख लोगों से एसएमएस कर 5 से 10 लाख रुपए रंगदारी की मांग की जा रही थी. इससे भय का माहौल बन रहा था. मंत्री बीमा भारती, पूर्व मंत्री वृशिण पटेल, विधायक प्रो. चंद्रशेखर, अमला सरदार, नीरज कुमार बबलू, मधेपुरा के सीओ, अल्पसंख्यक विभाग के ओएसडी दीवान जफर हुसैन खां और डॉ. भरतभूषण ने मोबाइल से रंगदारी मांगें जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. मधेपुरा पुलिस की तहकीकात के बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें निरंजन कुमार भगत, असगर अली, संतोष कुमार (तीनों मधैली दियरा, आलमनगर, मधेपुरा) शामिल हैं. निरंजन नियोजित शिक्षक है और वह मधेपुरा के सिंघार मध्य विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक भी है.निरंजन और असगर दोनों पूर्व में मारपीट और सड़क जाम में जेल जा चुके हैं. निरंजन 11 जून को ही जेल से बाहर आया था. डीआईजी ने बताया कि निरंजन के रहते स्कूल में काम हुआ था. गांव के कुछ लोगों ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था. इसके बाद निरंजन और असगर अली ने फंसाने की नीयत से गांव के ही मो. संज्जाद और राजेश राम के नाम पर सिम विक्रेता संतोष कुमार से 7258865614 और 7260923963 सिम कार्ड लिया. दोनों को गांव के कुछ लोगों को इंदिरा आवास मिलना नागवार गुजर रहा था. आरटीआई से जानकारी मांगकर दोनों ने इंदिरा आवास के लाभार्थियों के बैंक खातों का नम्बर रंगदारी भरे एसएमएस में डाल दिया. विरोधियों को फंसाने के साथ ही इनकी मंशा रकम वसूलने की भी था. डीआईजी के मुताबिक इनके खिलाफ आठ प्राथमिकी अब तक दर्ज हो चुकी है. मामले के खुलासे के बाद कई और लोग सामने आ रहे हैं जिनसे रंगदारी मांगी गई है. इस मामले में पुलिस त्वरित जांच करेगी और स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा. मधेपुरा एसपी समेत टीम में शामिल पुलिसकर्मी पुरस्कृत किए जाएंगे.
Post Top Ad
10 जुलाई 2015
Home
Unlabelled
मंत्रियों व विधायकों से रंगदारी मांगने वाला निकला प्रधानाध्यापक
मंत्रियों व विधायकों से रंगदारी मांगने वाला निकला प्रधानाध्यापक
Post Bottom Ad
Author Details
मधेपुरा खबर समाज में होने वाली हर घटनाओं के साथ ससमय आपके समक्ष प्रस्तुत है. देश भर में छुपी प्रतिभाओं को पहचान मिले, हम इसकी भरपूर कोशिश करते हैं. साथ हीं कुरीतियों एवं समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाना हम अपना परम कर्तव्य समझते हैं और यही निष्पक्ष पत्रकारिता की नींव है. किसी भी प्रकार की खबरों के प्रकाशन के लिए संपर्क करें :-
मो. नं. - 7257835555, 9934996680
ई-मेल - madhepurakhabar@gmail.com









