लॉकडाउन का पालन नहीं किया तो पुलिस ने दिखाई सख्ती, उठक-बैठक करवाकर लौटाया घर - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

 

Post Top Ad

26 मार्च 2020

लॉकडाउन का पालन नहीं किया तो पुलिस ने दिखाई सख्ती, उठक-बैठक करवाकर लौटाया घर

मधेपुरा
गुरुवार यानी लॉक डाउन के चौथे दिन सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. धीरे धीरे लोगों में समझदारी आने लगी है और घरों से बाहर निकलने से परहेज करने लगे हैं. साथ ही पुलिस काफी सक्रिय दिखी. शहर से लेकर गांवों के सड़कों पर पुलिस लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाते नजर आए. बेवजह घर से बाहर सड़कों पर निकलने वालों पर पुलिस ने लाठियां चटकाई.

पुलिस की सख्ती के कारण पूरे जिले में लॉकडाउन का व्यापक असर दिखा. राशन, दवा, सब्जी व डेयरी को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं. सड़क किनारे सब्जी वाले दुकानदारों को भी पुलिस ने ग्राहकों को इकट्ठा नहीं होने की सख्त हिदायत दिया. दुकानदानों को अपनी अपनी दुकान के सामने कम से कम एक-एक मीटर की दूरी पर घेरा बनवाया गया, ताकि इस घेरे में खड़े होकर लोग एक-एक कर सामान खरीद सकें.

दुकानों पर भी सोशल डिस्टेंस बनी रहे. 11:00 बजे के बाद पुलिस तथा प्रशासनिक पदाधिकारी लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सड़क पर निकल पड़े. इस दौरान जो भी बेवहज सड़क पर घूमता मिला, उस पर लाठियां चटकाई एवं उठक बैठक करवाई गईं. वैसे लोगों ने भी लॉकडाउन का खुद पालन किया लॉकडाउन के चौथे दिन अधिकांश लोग खुद अपने घर से बाहर नहीं निकले.

इक्का दुक्का ही लोग सड़कों पर नजर आए. इस दौरान सदर एसडीओ वृंदा लाल तथा एसडीपीओ वासी अहमद अपने अपने वाहन पर लगाए गए लाउडस्पीकर के माध्यम से शहर की गली मोहल्लों में जाकर लोगों से अपने-अपने घर से बाहर नहीं निकलने की अपील करते रहे. साथ ही दुकानदारों के दुकान पर जा जाकर उन्हें कालाबाजारी ना करने की हिदायत दी और कहा अगर कालाबाजारी करते हुए पकड़े गए तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी.

शहर के कॉलेज चौक, बस स्टैंड चौक, सुभाष चौक, थाना चौक पूर्णियागोला चौक, कर्पूरी चौक सहित अन्य चौकों पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के लोगों ने बेवजह सड़क पर घूम रहे लोगों पर लाठियां चटकाने के साथ ही उनसे जुर्माना वसूला. पुलिस व पदाधिकारियों की सक्रियता के कारण शहर से लेकर गांवों में लॉकडाउन का व्यापक असर दिखा. सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.

वहीं दूसरी ओर नगर पारिषद ने कोरोना वायरस को लेकर शहर में कचरे की सफाई में तेजी लाई गई है. गंदगी की सफाई के बाद शहर के सार्वजनिक स्थलों पर डीडीटी का छिड़काव किया जा रहा है. इधर, मच्छरों के प्रकोप से निजात के लिए फॉगिग मशीन का प्रयोग कर पूरे शहर में फॉगिग किया गया. कोरोना को लेकर लोग अपने घर व आसपास साफ-सफाई का खास ख्याल रख रहे हैं.

मुख्य पार्षद सुधा देवी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व शहर के सभी वार्ड में डीडीटी पाउडर का छिड़काव किया गया.

Post Bottom Ad

Pages