पटना
कोरोना वायरस के कहर के बीच पिछले दिनों बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसके बाद अब मैट्रिक के छात्र भी रिजल्ट जानने को लेकर आतुर हैं। जिस कारण से लोगों द्वारा व्हाट्सएप और फेसबुक के जरिए अफवाह फैलाई जा रही है। कुछ लोगों द्वारा बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के मैट्रिक का रिजल्ट शनिवार को जारी करने की बात कही जा रही है, जो कि सही नहीं है। बिहार बोर्ड की तरफ से रिजल्ट जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा है कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए एहतियाती तौर पर वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2020 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 31 मार्च तक स्थगित रहेगा। साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि इसी वजह से 9 प्रमंडलीय मुख्यालयों में स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सभी क्षेत्रीय कार्यालय भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे। यहीं वजह है कि फिलहाल बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा के रिजल्ट अभी नहीं आएंगे।आपको जानकारी के लिए बता दें कि इस बार दसवीं की परीक्षा में 15 लाख 29 हजार 393 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
इनपुट - जीटीवी बिहार










